बिहार के इन शिक्षकों-कर्मचारियों को जल्द मिलेगी तीन महीने की सैलरी, पेंशन के लिए भी 1,127.34 करोड़ जारी

Published on 15 अग॰ 2026

Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य के विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन के भुगतान के लिए 1,127 करोड़ 34 लाख रुपये जारी किए हैं। इस राशि से जून, जुलाई और अगस्त महीने के बकाया वेतन-पेंशन का भुगतान किया जाएगा। इसमें गेस्ट शिक्षकों के मानदेय की राशि भी शामिल है।

सरकार के इस फैसले से राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन तथा पेंशन भुगतान का रास्ता साफ हो गया है। जारी राशि का इस्तेमाल नियमित शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन के साथ रिटायर हो चुके शिक्षकों एवं कर्मचारियों की पेंशन के भुगतान में किया जाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग के उप सचिव शिशिर कुमार मिश्र ने शुक्रवार को सभी विश्वविद्यालयों को राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने संबंधित कुलसचिवों को पत्र भेजकर शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन के साथ पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विभागीय पत्र के अनुसार, विश्वविद्यालयों को उनकी आवश्यकता के आधार पर अलग-अलग राशि आवंटित की गई है।

किस विश्वविद्यालय को कितनी राशि मिली?

पटना विश्वविद्यालय: 77.65 करोड़ रुपये

मगध विश्वविद्यालय: 162.03 करोड़ रुपये

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय: 162.15 करोड़ रुपये

जय प्रकाश विश्वविद्यालय: 77.61 करोड़ रुपये

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय: 105.14 करोड़ रुपये

बीएन मंडल विश्वविद्यालय: 84.76 करोड़ रुपये

तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय: 80.86 करोड़ रुपये

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय: 165.22 करोड़ रुपये

कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय: 40.66 करोड़ रुपये

मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय: 3.03 करोड़ रुपये

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय: 102.72 करोड़ रुपये

पूर्णिया विश्वविद्यालय: 27.86 करोड़ रुपये

मुंगेर विश्वविद्यालय: 37.65 करोड़ रुपये

जारी राशि में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को सबसे अधिक 165.22 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय को 3.03 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सरकार की ओर से जारी इस राशि से विश्वविद्यालयों में जून से अगस्त तक के वेतन और पेंशन भुगतान के साथ गेस्ट शिक्षकों के मानदेय का भुगतान भी किया जाएगा।