Pine Labs Target Price: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए पेमेंट प्लेटफॉर्म पाइन लैब्स (Pine Labs) आजकल चर्चा का विषय बना हुआ है. बीते एक महीने में इस शेयर ने कमाल का प्रदर्शन किया है. इस दौरान शेयर में 25 प्रतिशत से ज्यादा की शानदार तेजी दर्ज की गई है. अब दिग्गज ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इस स्टॉक को लेकर अच्छी खबर दी है. फर्म ने पाइन लैब्स के शेयर को ‘बाय’ (खरीदने) की रेटिंग दी है. साथ ही इसका टारगेट प्राइस 250 रुपये तय किया है. मौजूदा भाव से देखें तो इस शेयर में अभी करीब 30 प्रतिशत तक की तेजी आने की पूरी संभावना है. ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी का बिजनेस मॉडल बहुत तेजी से बड़े मुनाफे की तरफ बढ़ रहा है.
मुनाफे में बंपर उछाल की उम्मीद
मोतीलाल ओसवाल को पाइन लैब्स के भविष्य से काफी ज्यादा उम्मीदें हैं. ब्रोकरेज फर्म का अनुमान है कि वित्तीय वर्ष 2026 से 2028 के बीच कंपनी का रेवेन्यू 24 प्रतिशत के सीएजीआर (CAGR) से बढ़ेगा. वहीं इसके एडजस्टेड पैट (PAT) में 129 प्रतिशत का भारी उछाल देखने को मिल सकता है. कंपनी का एडजस्टेड एबिटडा मार्जिन भी काफी तेजी से सुधर रहा है. वित्तीय वर्ष 2024 में ये महज 9 प्रतिशत था जो आने वाले कुछ सालों में बढ़कर 28.7 प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद है. P2M ट्रांजैक्शन पर 0.4% एमडीआर (MDR) लागू होने से कंपनी को लंबी अवधि में बड़ा फायदा मिलने वाला है.
मजबूत बिजनेस मॉडल का सपोर्ट
पाइन लैब्स मर्चेंट कॉमर्स प्लेटफॉर्म में एक बहुत बड़ा नाम है. ये कंपनी पेमेंट एक्सेप्टेंस से लेकर इश्यूइंग सॉल्यूशन तक की बेहतरीन सुविधा देती है. कंपनी के रेवेन्यू में सबसे बड़ा हिस्सा इसके डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर (DITP) का है. कुल कमाई का 68 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ यहीं से आता है. कंपनी का मर्चेंट बेस 10 लाख यानी 1 मिलियन के पार पहुंच चुका है. आंकड़े बताते हैं कि वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी ने 7.4 अरब ट्रांजैक्शन के जरिए 17.2 ट्रिलियन रुपये का ग्रॉस ट्रांजैक्शन वैल्यू (GTV) प्रोसेस किया है. कंपनी लगातार अधिग्रहण के जरिए अपने मर्चेंट बेस को मजबूत कर रही है.
आईपीओ से लेकर अब तक का सफर
पाइन लैब्स ने शेयर बाजार में पिछले साल नवंबर 2025 में अपनी एंट्री ली थी. इसका आईपीओ प्राइस 221 रुपये तय किया गया था. शेयर बाजार में इसकी लिस्टिंग 242 रुपये पर हुई थी जो निवेशकों के लिए 9.5 प्रतिशत का प्रीमियम था. हालांकि लिस्टिंग के बाद से शेयर का प्रदर्शन मिला-जुला ही रहा है. इस साल की शुरुआत से अब तक (YTD) शेयर में करीब 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. लेकिन हालिया समय में स्टॉक ने तगड़ी वापसी की है. पिछले एक हफ्ते में स्टॉक ने 6 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया है. एक महीने में 25.74 प्रतिशत की तेजी साफ दिखाती है कि स्मार्ट निवेशकों का भरोसा इस शेयर पर फिर से लौट रहा है.
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.
विभव शुक्ला
विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.
Read More