Updated On: Jul 26, 2026 | 10:39 AM IST
विज्ञापन
सार
Hardoi Robbery: यूपी के हरदोई में नौकरों ने व्यापारी के परिवार को खाने में नशीली गोलियां देकर ₹1.29 करोड़ कैश पार कर दिया। पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

14 आरोपी गिरफ्तार (सोर्स-सोशल मीडिया)
विस्तार
Hardoi Police Recover 1 Crore Cash 14 Arrested: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है। यह कहानी किसी बॉलीवुड थ्रिलर फिल्म जैसी लगती है, जहां भरोसेमंद नौकरों ने ही अपने मालिक की पीठ में छुरा घोंप दिया। रेलवेगंज के एक बड़े किराना कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर हुई 1.29 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में न केवल भारी भरकम रकम बरामद की है, बल्कि मुख्य साजिशकर्ताओं सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
ढाई करोड़ की साजिश
हरदोई के रेलवेगंज इलाके में रहने वाले थोक किराना व्यापारी पंकज अग्रवाल के घर में ही यह पूरी साजिश रची गई थी। हैरानी की बात यह है कि इस कांड के पीछे कोई बाहरी गिरोह नहीं, बल्कि उनके अपने ही कर्मचारी और मुनीम शामिल थे। इन लोगों ने मिलकर करीब ढाई करोड़ रुपये की चोरी की एक सोची-समझी योजना बनाई थी। मुनीम और नौकरों को पता था कि व्यापारी के घर में बड़ी मात्रा में नकदी रखी है, और इसी का फायदा उठाकर उन्होंने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
नींद की गोलियों देके किया बेहोश
वारदात वाली रात यानी 16-17 जुलाई को नौकरों ने अपने खतरनाक मंसूबों को अंजाम दिया। उन्होंने कारोबारी और उनके परिवार के खाने में नशीला पदार्थ (नींद की गोलियां) मिला दिया। जैसे ही परिवार बेहोश हुआ, आरोपियों ने घर में रखे नकदी से भरे 8 बैग समेट लिए। फरार होने के लिए उन्होंने पहले से ही एक पिकअप गाड़ी का इंतजाम कर रखा था, जिसमें सारा कैश लादकर वे रातों-रात चंपत हो गए। जब व्यापारी को होश आया, तब तक काफी देर हो चुकी थी और करोड़ों की रकम गायब थी।
सम्बंधित ख़बरें
पुलिस ने की 14 आरोपियों की गिरफ्तारी
इस हाई-प्रोफाइल चोरी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। हरदोई ईस्ट के एसपी सुबोध गौतम ने बताया कि पीड़ित कारोबारी ने तीन नौकरों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। कड़ी मशक्कत और गहन जांच के बाद पुलिस ने 25 तारीख को आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सुप्रीम कोर्ट ने बदली पुरानी SIT, अब 3 सीनियर IPS अधिकारियों के हाथ में होगी कमान
₹1.28 करोड़ से ज्यादा कैश मिला
पुलिस ने जब आरोपियों को पकड़ा और उनकी निशानदेही पर छापेमारी की, तो बरामद हुई रकम देखकर हर कोई दंग रह गया। आरोपियों ने लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर लिया था और इसे अलग-अलग ठिकानों पर छिपा कर रखा था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अब तक 1,28,99,310 रुपये की भारी भरकम राशि बरामद कर ली है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस ने मेज पर रखे बक्सों में पूरी रकम प्रदर्शित की, जिसे देखकर इस वारदात की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अब अदालत के सामने पेश किया जाएगा।
यह घटना उन सभी कारोबारियों के लिए एक चेतावनी है जो अपने घरेलू सहायकों और कर्मचारियों पर आंख मूंदकर भरोसा करते हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके के लोगों में सुरक्षा का भाव पैदा किया है।
