प्रेमिका शादी से मुकरी तो ट्रेन के आगे कूदा प्रेमी: 10 टुकड़ों में बंटी बॉडी; लड़की के बुलाने पर 2100KM दूर से आया था बेगूसराय - Begusarai News

Published on 12 सित॰ 2026

बेगूसराय में एक लड़की ने अपने प्रेमी को घर ये कहकर बुलाया कि तुम आ जाओ, हम दोनों शादी कर लेंगे। बुलाने पर लड़का 2100 किलोमीटर दूर प्रेमिका के घर पहुंचा तो लड़की ने शादी से इनकार कर दिया।

.

इसके बाद लड़का वहां से निकला और प्रेमिका के घर से 300 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। ट्रेन की चपेट में आने से बॉडी के 10 टुकड़े हो गए।

शव को प्लास्टिक में पैक करके पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र की है।

मृतक की पहचान लाखो थाना क्षेत्र के कोठिया गांव के रहने वाले मोहम्मद मतीन के बेटे 28 साल के मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद समीर की लाश को परिजन को सौंप दी है।

घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें देखिए…

प्रेमिका के साथ मोहम्मद समीर की फाइल फोटो।

प्रेमिका के साथ मोहम्मद समीर की फाइल फोटो।

बेगूसराय सदर अस्पताल में समीर की डेडबॉडी के साथ परिजन।

बेगूसराय सदर अस्पताल में समीर की डेडबॉडी के साथ परिजन।

कर्नाटक में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता था समीर

मृतक समीर कर्नाटक में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता था। समीर की 5 साल पहले शादी हो चुकी थी और उसकी पत्नी खुशबू खातून से एक बेटी भी है।

शादी के करीब दो साल बाद से उसका अफेयर उसके कोठिया गांव से करीब चार किलोमीटर दूर रमजानपुर में रहने वाले रब्बान मोहम्मद की बेटी से चल रहा था।

समीर के पिता मोहम्मद मतीन और भाई मोहम्मद जसीम ने बताया कि बेटे के अफेयर की जानकारी हम लोगों को करीब तीन महीने पहले ही मिली।

दोनों ने बताया कि समीर की प्रेमिका के परिवार वालों ने समीर को फोन करके बुलाया था और कहा था कि 10 तारीख को आ जाओ, हम तुम दोनों की शादी (निकाह) करवा देंगे। शादी की बात सुनकर समीर बेहद खुश हुआ और महज 5-6 दिन पहले ही कर्नाटक से बेगूसराय अपने घर लौटा था।

घटना की जानकारी देते मृतक समीर के पिता मोहम्मद मतीन।

घटना की जानकारी देते मृतक समीर के पिता मोहम्मद मतीन।

प्रेमिका से मिलने और शादी की बात पक्की करने शुक्रवार को रमजानपुर पहुंचा

मोहम्मद मतीन के मुताबिक, लड़की और उसके परिजन की ओर से बातचीत के बाद शुक्रवार को समीर अपनी प्रेमिका से मिलने और शादी की बात पक्की करने रमजानपुर पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचते ही लड़की और उसके परिवार के लोगों ने शादी से इनकार कर दिया।

लड़की और उसके परिवार की ओर से शादी से इनकार के बाद समीर वहां से चला गया। उन्होंने बताया कि देर रात तक जब समीर घर नहीं आया तो हम लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। उसका फोन भी बंद बता रहा था।

शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद समीर की लाश को परिजन को सौंप दी गई।

शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद समीर की लाश को परिजन को सौंप दी गई।

प्रेमिका के घर से 300 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदा समीर

मोहम्मद जसीम ने बताया कि देर रात खोजबीन के दौरान भाई समीर की लाश उसकी प्रेमिका के घर से 300 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास मिली। उसकी लाश टुकड़ों में बंटी थी। समीर ने प्रेमिका के घर के पास ही रेलवे पटरी पर ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना समीर के परिजन की ओर से लाखो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही लाखो थाना की पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया और देर रात ही पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया। सुबह में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।