गोरखपुर में 10वीं के टॉपर का तालाब में मिला शव, 5 दिन से लापता था; पिता बोले- प्रेम प्रसंग में बेटे की हत्या

Published on 29 सित॰ 2026

गोरखपुर में 10वीं के टॉपर का तालाब में मिला शव, 5 दिन से लापता था; पिता बोले- प्रेम प्रसंग में बेटे की हत्या

गोरखपुर में स्कूल टॉपर की संदिग्ध मौत.

Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पांच दिन से लापता 15 वर्षीय छात्र प्रिंस निषाद का शव चिलुआताल में उतराता मिला. प्रिंस 10वीं कक्षा में स्कूल टॉपर था और 23 सितंबर की सुबह कोचिंग के लिए घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी. पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की थी. सोमवार को चिलुआताल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव की पहचान प्रिंस के रूप में हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए BRD मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.

कोचिंग के लिए निकला था, फिर नहीं लौटा

प्रिंस के परिवार के मुताबिक, वह 23 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे बेतियाहाता स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकला था. देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने कोचिंग सेंटर और उसके दोस्तों से भी संपर्क किया, लेकिन छात्र के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद प्रिंस के पिता ने चिलुआताल थाने में शिकायत देकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने छात्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगालनी शुरू की.

ये भी पढ़ें- अंबेडकरनगर की धागा मिल में फूड पॉइजनिंग, 21 महिला वर्कर बीमार; 17 अस्पताल में भर्ती

पीपीगंज में मिली आखिरी लोकेशन

पुलिस की जांच में प्रिंस के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन पीपीगंज क्षेत्र में मिली. इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया. पुलिस ने उस इलाके में आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू की. इसी बीच सोमवार शाम पुलिस को चिलुआताल में एक शव उतराता मिलने की सूचना मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया. पहचान की प्रक्रिया में शव प्रिंस निषाद का निकला.

पोस्टमार्टम हाउस पर परिवार ने किया हंगामा

प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और करीब एक घंटे तक हंगामा किया. परिवार ने छात्र की हत्या किए जाने का आरोप लगाया. पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए BRD मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्र की मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी.

पिता ने प्रेम प्रसंग में हत्या का लगाया आरोप

प्रिंस के पिता का आरोप है कि उनका बेटा एक लड़की से फोन पर बात करता था. पिता ने आशंका जताई कि इसी प्रेम-प्रसंग को लेकर उनके बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या की गई और शव को तालाब में फेंक दिया गया. पुलिस ने इस मामले में लड़की और उसके माता-पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पुलिस लड़की के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है.

पुलिस बोली- प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया

चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लग रहा है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रदीप कुमार तिवारी

प्रदीप कुमार तिवारी

प्रदीप कुमार तिवारी ने 2014 से पत्रकारिता की शुरुआत की. उन्होंने p7 न्यूज चैनल से करियर की शुरुवात की. प्रदीप कुमार तिवारी TV9 भारतवर्ष चैनल में आने से पहले Zee news में भी काम कर चुके हैं. प्रदीप को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है. कई वर्षों से डिजिटल में रहने की वजह से डिजिटल कंटेंट पर पकड़ अच्छी है. प्रदीप तिवारी पत्रकारिता के साथ-साथ एनीमेशन फील्ड में भी अच्छी पकड़ रखते हैं. उन्हें ग्राफिक डिजाइनिंग के साथ साथ 2D और 3D एनीमेशन की जानकारी अच्छी है. प्रदीप ने लगभग 2 वर्ष तक प्रभात खबर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम किया है.

Read More

google button