- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Muzaffarnagar
- Muzaffarnagar Shiv Chowk | Unique Kanwar Yatra Devotees Worship Style
मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंची तीन दोस्तों की अनोखी कांवड़:एक दंडवत तो दूसरा सपाटे लगा रहा; तीसरा कंधे पर 101 लीटर गंगाजल लेकर चला
वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान शिव चौक बुधवार रात आस्था का अनूठा केंद्र बन गया। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आ रहे मेरठ के तीन शिवभक्त दोस्तों की टोली रात करीब 9:30 बजे शिव चौक पहुंची। तीनों की अलग-अलग अंदाज में की जा रही कांवड़ यात्रा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
तीनों ने अलग-अलग तरीके से निभाया संकल्प
मेरठ निवासी तीनों शिवभक्तों ने बाबा भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था को अलग-अलग रूप में व्यक्त किया। श्रद्धालु सोनू पूरी यात्रा दंडवत करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। वहीं, निखिल सपाटे (लेटकर आगे बढ़ने की पारंपरिक शैली) मारते हुए यात्रा कर रहे हैं। उनका तीसरा साथी अपने कंधे पर 101 लीटर पवित्र गंगाजल से भरी कांवड़ लेकर चल रहा है। तीनों की यह अनूठी साधना श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
शिव चौक पर गूंजे 'बोल बम' के जयकारे
जैसे ही यह टोली शिव चौक पहुंची, पूरा क्षेत्र 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाए और तस्वीरें खींचीं। कई श्रद्धालुओं ने तीनों शिवभक्तों के संकल्प और भक्ति की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
हिंदू समाज की एकता का दिया संदेश
तीनों शिवभक्तों ने बताया कि वे मेरठ के रहने वाले हैं। इस बार उनकी कांवड़ यात्रा किसी व्यक्तिगत मनोकामना के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज की एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की कामना के साथ है। उनका कहना है कि सनातन समाज जितना संगठित रहेगा, समाज और राष्ट्र उतने ही मजबूत होंगे।
अनोखी कांवड़ें बन रहीं आकर्षण का केंद्र
कांवड़ यात्रा के दौरान हर साल की तरह इस बार भी कई अनोखी कांवड़ें लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। कोई फिटनेस का संदेश दे रहा है, कोई पर्यावरण संरक्षण का, तो कोई सामाजिक एकता का संदेश लेकर यात्रा कर रहा है। इसी कड़ी में मेरठ के इन तीन दोस्तों की अनूठी कांवड़ यात्रा भी शिवभक्तों और आम लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
.