Bhiwandi News: महाराष्ट्र के भिवंडी के पिसे इलाके में स्थित एक छात्र की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया. इतना ही नहीं, छात्र की मौत के बाद परिजन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर धरने पर बैठ गए. परिजनों ने मुख्याध्यापक और शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर आदिवासी परियोजना अधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया. पीड़ित परिवार ने कहा कि जब तक संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तब वो धरने पर बैठे रहेंगे. इस दौरान पुलिस ने धरने पर बैठे लोगों को समझाने की कोशिश की.
जानकारी के मुताबिक, भिवंडी तालुका के पिसे स्थित आदिवासी आश्रम स्कूल में पढ़ने वाले एक मासूम छात्र की मौत से हड़कंप मच गया है. इस घटना के बाद नाराज परिजनों और आदिवासी संगठनों ने शहापुर स्थित आदिवासी परियोजना अधिकारी कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया है. परिजनों ने स्कूल के मुख्याध्यापक और शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है.
छात्र की मौत पर गुस्सा
भिवंडी तालुका के पिसे स्थित आदिवासी आश्रम स्कूल में कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र विवेक सुभाष भोये की शहापुर उपजिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. इस मामले में मृतक छात्र के परिजनों ने आश्रम स्कूल के मुख्याध्यापक और शिक्षकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि बच्चे को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वहां उसे छोड़कर स्कूल के शिक्षक कथित तौर पर फरार हो गए.
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना के बाद न्याय की मांग को लेकर परिजन जब शहापुर स्थित आदिवासी परियोजना अधिकारी कार्यालय पहुंचे, तो उनके अनुसार वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था. इससे नाराज परिजनों और आदिवासी संगठनों का आक्रोश और बढ़ गया. छात्र की मौत के विरोध में आदिवासी संगठनों और परिजनों ने परियोजना अधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है. आंदोलनकारियों ने मांग की है कि मामले में संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए.

विनोद जगदाले
विनोद जगदाले को 22 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव है. वो मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति की गहरी समझ रखते हैं. ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ 24 में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई बड़े खुलासे किए और एक्सक्लूसिव खबरें भी सामने लेकर आए. उनकी पहचान निष्पक्ष, बेबाक और जमीनी पत्रकार के तौर पर की जाती है. विनोद जगदाले 10 से ज्यादा सम्मान से सम्मानित और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं.
Read More