डौंडीलोहारा में खूंखार कुत्ते का कहर : बच्चे-बुजुर्ग समेत 13 लोगों को बनाया शिकार, 3 की हालत गंभीर - Haribhoomi

Published on 2 सित॰ 2026

डौंडीलोहारा में एक आवारा कुत्ते ने अलग-अलग इलाकों में हमला कर 13 लोगों को घायल कर दिया है, वहीं तीन गंभीर रूप से घायलों का CHC में इलाज जारी है।

Injured admitted to hospital after dog attack

कुत्ते के हमले के बाद अस्पताल में भर्ती घायल

  • Published: 02 Sep 2026, 05:26 PM IST
  • Last Updated: 02 Sep 2026, 05:26 PM IST

राहुल भूतड़ा - बालोद। जिले के डौंडीलोहारा में एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि एक ही कुत्ते ने नगर के अलग-अलग इलाकों में हमला कर 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के हमले में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है।

अलग-अलग इलाकों में अचानक किया हमला
जानकारी के मुताबिक, आवारा कुत्ते ने डौंडीलोहारा के अलग-अलग इलाकों में लोगों पर अचानक हमला किया। कुत्ते के लगातार हमलों से लोग घबरा गए और नगर में कुछ समय के लिए दहशत की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने रास्ते से गुजर रहे लोगों को अपना शिकार बनाया। हमले के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

बुजुर्ग महिलाओं पर भी हुआ हमला
आवारा कुत्ते के हमले में कई बुजुर्ग महिलाएं भी घायल हुई हैं। एक 60 वर्षीय महिला किराना दुकान से सामान लेकर लौट रही थीं, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। वहीं, मंदिर में पूजा करने जा रही एक महिला को भी कुत्ते ने हाथ-पैर में काटकर घायल कर दिया। इसके अलावा बैंक के काम से डौंडीलोहारा पहुंची एक बुजुर्ग महिला भी कुत्ते के हमले का शिकार हो गईं।

13 घायलों का CHC में इलाज
कुत्ते के हमले में घायल हुए सभी लोगों को डौंडीलोहारा CHC में उपचार के लिए लाया गया। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और निगरानी में इलाज किया जा रहा है।

घर से निकलते समय सतर्क लोग
लगातार हमलों के बाद डौंडीलोहारा के लोगों में डर का माहौल है। लोग घर से बाहर निकलते समय सतर्कता बरत रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या नगर में पहले से बनी हुई है, लेकिन एक ही कुत्ते द्वारा इतने लोगों को काटे जाने की घटना ने चिंता बढ़ा दी है।

आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर समय रहते नियंत्रण किया जाना जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। एक ही कुत्ते द्वारा 13 लोगों को घायल किए जाने की घटना ने नगर प्रशासन की आवारा पशु नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल अभियान चलाकर खतरनाक और आवारा कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था करे, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)