यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें: आजम की यूनिवर्सिटी बचाएंगे अखिलेश, IAS रिंकू सिंह बोले- मुझे आधी सैलरी दो; जहरीला इंजेक्शन देकर गर्लफ्रेंड को मार डाला - Uttar Pradesh News

Published on 19 जुल॰ 2026

.

आज की सबसे बड़ी खबर प्रदेश के 826 ब्लॉकों में प्रमुखों को प्रशासक बनाए जाने को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम मोदी को चिट्‌ठी लिखने से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…

पहले टॉप 5 खबरें…

1- ब्लॉक प्रमुख भी प्रशासक बनाए गए; सरकार बोली- बड़े फैसले नहीं लेंगे

यूपी में प्रधानों और जिला पंचायत अध्यक्षों के बाद पहली बार ब्लॉक प्रमुखों को भी प्रशासक बना दिया गया है। सरकार ने रविवार को 826 ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक बनाए जाने का आदेश जारी कर दिया। ब्लॉक प्रमुखों का कार्यकाल 19 जुलाई को समाप्त हो रहा था। आखिरी दिन सरकार ने उन्हें प्रशासक बना दिया। आदेश के अनुसार, प्रशासक कोई बड़े फैसले नहीं ले सकेंगे। पूरी खबर पढ़ें

2- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर राहुल गांधी का पीएम को लेटर, लिखा- चुप्पी स्वीकार नहीं

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर स्वतंत्र जांच और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक करने की मांग की है। लिखा- ट्रस्ट के सदस्य RSS, VHP या उसके सहयोगियों से जुड़े हैं। पूर्व महासचिव भी आपके करीबी थे। ऐसे में आपकी चुप्पी स्वीकार नहीं। इधर, आरोपी टिन्नू और उसके भतीजे से पूछताछ की गई। पूरी खबर पढ़ें

3- आजम की यूनिवर्सिटी बचाने उतरे अखिलेश, बोले- जिनके परिवार न बच्चे, दर्द क्या जानें

अखिलेश यादव, आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी बचाने की मुहिम में उतर आए हैं। रविवार को X पर छात्रों और अभिभावकों के नाम खुला पत्र लिखकर भाजपा पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया। कहा- जिनके न परिवार हैं, न बच्चे, वे दर्द क्या जानें। सपा इस लड़ाई में आपके साथ है। RDA ने यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवन अवैध घोषित कर गिराने का आदेश दिया है। पूरी खबर पढ़ें

4- मेरठ में पति को सांप डसवाने वाली बेटे के लिए रो रही, भाई बोला- मर गई

मेरठ में स्कूल मालिक पति को करैत सांप से डसवाने वाली पत्नी जेल में रातभर करवटें बदलती रही। सूत्रों के अनुसार, वह 6 साल के बेटे को याद कर रोती रही। पुलिसवालों से एक बार बेटे को दिखाने की मिन्नतें करती रही। दामिनी के भाई ने कहा- बहन हमारे लिए मर चुकी है। हमें कोई मतलब नहीं है। वहीं, अतुल के भाई का कहना है कि दामिनी और उसके प्रेमी को फांसी दी जाए। पूरी खबर पढ़ें

5- IAS रिंकू सिंह बोले- मुझे आधी सैलरी दो, सरकार को एक बार फिर लेटर लिखा

IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने एक बार फिर सरकार के सामने नाराजगी जाहिर की है। जालौन के जॉइंट मजिस्ट्रेट राही ने प्रमुख सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक को 6 पन्नों का पत्र लिखकर बैचमेट्स के बराबर जिम्मेदारी देने की मांग की है। कहा- यदि वह इसके योग्य नहीं हैं तो उनका दूसरे राज्य में तबादला कर दिया जाए। आदेश आने तक आधे दिन की ही सैलरी उनको दी जाए। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें...

6- यूपी में नदियां उफनाईं, 2 मकान नदी में समाए; लखनऊ समेत 30 शहरों में बारिश

लखनऊ, कानपुर समेत 30 शहरों में रविवार सुबह से बारिश हुई। प्रदेश की नदियां उफान पर हैं। बलिया में सरयू खतरे के निशान के करीब पहुंची; 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा है। लखीमपुर में कटान से शारदा नदी में घर समा गया। कानपुर में गंगा में बोटिंग रोक दी गई। वाराणसी में रत्नेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न हो गया। प्रयागराज और मथुरा-वृंदावन में भी जलस्तर बढ़ रहा। पूरी खबर पढ़ें

7- मेरठ में जहरीला इंजेक्शन लगाकर नर्स को मार डाला, जेब में जहर की गोलियां डालीं

मेरठ में वार्डबॉय ने प्रेमिका नर्स की जहरीली ड्रिप लगाकर हत्या कर दी। प्रेमिका के शादी का दबाव बनाने पर छुटकारा पाने के लिए प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर हत्या कर दी। शनिवार दोपहर ग्लूकोज का ड्रिप चढ़ाने के बहाने जहरीली केमिकल लगा दी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए आरोपी ने खुद ही सुसाइड नोट लिखा और उसकी जेब में सल्फास की गोलियां रख दी। पूरी खबर पढ़ें

8- सरयू नदी में नाव पर बीयर-मटन पार्टी, अयोध्या में युवक बोला- मजा आ गया

अयोध्या में पवित्र सरयू नदी की बीच धार में नाव पर बीयर और मटन पार्टी की गई। चार युवक नाव पर बैठकर मटन खाते, बीयर पीते और उसका वीडियो बनाते दिखे। वीडियो रविवार को सामने आया। पुलिस के मुताबिक, वीडियो करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। जबकि एक फरार है। पूरी खबर पढ़ें

9- लखनऊ में बच्ची से स्कूल वैन ड्राइवर ने रेप किया, बोली- अंकल गंदी हरकत करते

लखनऊ में नर्सरी में पढ़ने वाली चार साल की बच्ची से स्कूल वैन ड्राइवर ने रेप किया। शनिवार को बच्ची की तबीयत खराब हो गई। माता-पिता अस्पताल पहुंचे तो जांच में दरिंदगी का पता चला। परिवार बच्ची को लेकर थाने पहुंचा। पुलिस आरोपी को पकड़ थाने ले आई। उसे देखते ही बच्ची सहम गई और रोने लगी। आरोपी की तरफ इशारा करते हुए बोली- अंकल ने गंदी हरकत की। पूरी खबर पढ़ें

10- बलिया में प्रेमी से शादी के लिए टावर पर चढ़ी शादीशुदा महिला; लिव-इन में रह रही

बलिया में रविवार सुबह एक महिला 6 साल के बच्चे को नीचे छोड़कर 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही। महिला ने बताया कि पति से अलग होने के बाद वह प्रेमी के साथ छह महीने तक गुजरात में लिवइन में रही। करीब 7 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा के बाद नीचे उतरी। थाने में पंचायत के बाद दोनों परिवार शादी के लिए सहमत हुए। पूरी खबर पढ़ें

11- लखीमपुर में बच्चा बोला- DM साहब, ताऊ ने घर पर ताला जड़ा, खुलवा दीजिए

लखीमपुर खीरी में 13 साल का बच्चा अकेले डीएम की जनसुनवाई में पहुंच गया। उसने शिकायत की कि ताऊ-ताई ने घर पर कब्जा कर ताला लगा दिया। थानेदार ने कहा- खुलवा देंगे तो बच्चा बोला- खुलवा देंगे नहीं, अभी खुलवा दीजिए, बार-बार न आना पड़े। पुलिसकर्मियों के हंसने पर कहा- कमीशन मिल जाए तो ताबड़तोड़ काम कर देते हैं। डीएम ने तत्काल कार्रवाई को कहा। पूरी खबर पढ़ें

12- कानपुर में 171 कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार, STF ने कराई FIR

लखनऊ एसटीएफ ने प्रतिबंधित प्रजातियों के 171 कछुए एक तस्कर के पास से बरामद किए हैं। इन कछुओं को बांग्लादेश और म्यांमार के रास्ते चीन, हांगकांग, मलेशिया आदि देशों में भेजा जाना था। इन देशों में इनको ऊंची कीमत में बेचा जाता है। यहां कछुओं का इस्तेमाल शक्तिवर्धक दवाइयों को बनाने में किया जाता है। STF के अनुसार, तस्कर बंगाल के बड़े गैंग के संपर्क में था। पूरी खबर पढ़ें

13- फिरोजाबाद में बेसबॉल बैट से पीटकर पिता की हत्या, खड़ा होकर तड़पते हुए देखता रहा

फिरोजाबाद में पिता ने शराब छोड़ने को कहा तो बेटे ने पीटकर मार डाला। बेसबॉल के बैट से सिर पर कई वार किए। लहूलुहान होकर पिता जमीन पर तड़पते रहे, बेटा देखता रहा। कुछ ही देर में उनकी मौत गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बताया- पिता शराब पीने को मना करते थे। मुझे गुस्सा आता था। आज भी उन्होंने टोका, इसलिए मार डाला। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है...

14- सास को कांवड़ में बैठाकर बहू ने पैदल हरिद्वार घुमाया, गंगा स्नान कराया

हापुड़ की ऊषा देवी लंबे समय से गंगा स्नान और कांवड़ यात्रा करना चाहती थीं, लेकिन बढ़ती उम्र के कारण पैदल चलना संभव नहीं था। परिवार में चार बेटे होने के बावजूद उनकी यह इच्छा बहू पिंकी ने पूरी की। वह सास को हरिद्वार लेकर पहुंचीं, हर की पैड़ी पर गंगा स्नान कराया और फिर विशेष कांवड़ में बैठाकर पैदल यात्रा कराते हुए अपनी सास की वर्षों पुरानी मुराद पूरी कर दी। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या रहेगा खास...

15- हाईकोर्ट में राहुल गांधी की आय से अधिक संपत्ति मामले पर सुनवाई

20 जुलाई को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़े आय से अधिक संपत्ति मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच सुनवाई करेगी। कोर्ट ने पहले CBI, ED समेत 10 केंद्रीय एजेंसियों को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान और न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्रा की खंडपीठ करेगी।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…