इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव 17 सितंबर को: पहली बार महिलाओं को आरक्षण, 11,485 अधिवक्ता डालेंगे वोट - Prayagraj (Allahabad) News

Published on 25 अग॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Prayagraj
  • Allahabad High Court Bar Association Election | Women Reservation List

सचिन प्रजापति। प्रयागराज11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन (HCBA) के सत्र 2026-2027 के वार्षिक चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मतदान 17 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक क्रिकेट ग्राउंड में कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता एस.एफ.ए. नकवी और चुनाव अधिकारियों वशिष्ठ तिवारी, जे.बी. सिंह, राज कुमार शुक्ला, लक्ष्मी कांत मिश्रा और अनुभव शुक्ला की निगरानी में संपन्न होगी।

चुनाव के लिए 25 अगस्त को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। सूची के मुताबिक कुल मतदाताओं में 10,609 पुरुष अधिवक्ता, 742 महिला अधिवक्ता और 134 सीनियर अधिवक्ता शामिल हैं।

इस बार चुनाव की खास बात यह है कि बार एसोसिएशन के चुनावी इतिहास में पहली बार महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग सीटें आरक्षित की गई हैं। उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और गवर्निंग काउंसिल के पदों में महिला प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है।

26 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया जारी कार्यक्रम के अनुसार 26 से 28 अगस्त तक सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री और जमानत राशि जमा की जाएगी। 29 अगस्त से 1 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।

2 सितंबर को नामांकन वापसी, जबकि 3 और 4 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 5 सितंबर को उम्मीदवारों की अनंतिम सूची प्रकाशित कर आपत्तियां ली जाएंगी। इसके बाद 6 सितंबर को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

इन पदों पर होगा चुनाव अध्यक्ष के एक पद के लिए न्यूनतम 20 वर्ष की प्रैक्टिस और निर्धारित वर्षों में प्रति वर्ष 25 मामलों की पैरवी का अनुभव जरूरी है। अध्यक्ष पद के लिए जमानत राशि एक लाख रुपये रखी गई है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष के एक पद के लिए 20 वर्ष की प्रैक्टिस और प्रति वर्ष 20 मामलों की पैरवी का अनुभव जरूरी होगा। इसकी जमानत राशि 50 हजार रुपये है। महासचिव/ऑनरेरी सेक्रेटरी के एक पद के लिए न्यूनतम 15 वर्ष की प्रैक्टिस और प्रति वर्ष 20 केस की शर्त है। जमानत राशि 70 हजार रुपये निर्धारित है।

उपाध्यक्ष के चार पुरुष और दो महिला पद, कोषाध्यक्ष के एक पुरुष और एक महिला पद होंगे। संयुक्त सचिव के तीन सामान्य और एक महिला पद तथा गवर्निंग काउंसिल के 10 पुरुष और पांच महिला पद पर चुनाव होगा। अलग-अलग पदों के लिए प्रैक्टिस और मामलों की संख्या के आधार पर पात्रता निर्धारित की गई है।

सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहेगी। मतदान और चुनावी प्रक्रिया के दौरान पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और PAC के जवानों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा बलों की तैनाती का उद्देश्य मतदान स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना होगा।

17 सितंबर को होगा मतदान नामांकन और जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 17 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। महिला सीटों के आरक्षण के चलते इस बार चुनाव में महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व पर भी विशेष नजर रहेगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही हाई कोर्ट बार एसोसिएशन में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

.