![]()
आज की ताजा खबर, 17 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: बिहार के लखीसराय के मंदिर में भगदड़, बंगाल में होटल में आग...आज से 'जनगणना 2027' का आगाज, बांग्लादेश ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण को कहा
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [मंदिर भगदड़], [जनगणना 2027], [भारतीय राजनीति अपडेट्स] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक होटल में लगी भीषण आग में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। घटना की सूचना मिलने पर, दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग बुझाने की कोशिशें शुरू की गईं। आग लगने का कारण तुरंत पता नहीं चल सका। इसके अलावा सोमवार को बिहार के लखीसराय जिले में स्थित अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बिजली का तार टूटने से भीड़ में अफरा-तफरी मच गई थी। यह घटना सुबह करीब 6.45 बजे हुई, जब पवित्र श्रावण महीने के तीसरे सोमवार को पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव मंदिर में जमा हुए थे। उधर, भारत की ऐतिहासिक 16वीं जनगणना का जनसंख्या गणना चरण सोमवार, 17 अगस्त से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। भीषण सर्दियों और बर्फबारी के कारण संपर्क से कट जाने वाले केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख तथा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के दूरदराज पर्वतीय क्षेत्रों में समय से पहले यह अभ्यास आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा बांग्लादेश ने PM तारिक रहमान की भारत यात्रा के लिए शेख हसीना के प्रत्यर्पण की शर्त रखी है।
AUG 17, 2026 10:06 IST
मुंबई के कांदिवली में व्यावसायिक इमारत में लगी आग, 11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
मुंबई के कांदिवली इलाके में सोमवार तड़के चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इमारत से कम से कम 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, कांदिवली स्टेशन रोड स्थित अभिराई होटल में सुबह चार बजकर 14 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। एक नगर निकाय अधिकारी ने बताया कि पूरी इमारत धुएं से भर गई थी। इसके बाद दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों के रास्ते दूसरी मंजिल पर स्थित एक ’लॉजिंग हाउस’ से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि आग व्यावसायिक इमारत में बिजली के तारों और उपकरणों, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस तथा एल्युमिनियम और प्लास्टिक की सजावटी चादरों तक सीमित रही। अधिकारी ने कहा, ’’आग की घटना में कोई घायल नहीं हुआ।’’
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए कम से कम चार दमकल गाड़ियों और अन्य अग्निशमन वाहनों को लगाया गया था। आग पर सुबह छह बजकर सात मिनट तक काबू पा लिया गया।
AUG 17, 2026 10:05 IST
बिहार के सीएम ने की अनुदान की घोषणा
लखीसराय भगदड़ मामले में सीएम सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की।
AUG 17, 2026 08:58 IST
आगरा-मथुरा हाईवे पर चलती कार में लगी आग, यातायात प्रभावित
आगरा-मथुरा हाईवे पर भीम नगर के पास रविवार देर रात एक कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई, जिसके चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और कुछ समय के लिए यातायात धीमा पड़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कार में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
AUG 17, 2026 08:58 IST
जनगणना 2027 के लिए आबादी की गिनती आज से शुरू हो रही
2027 की जनगणना का अहम चरण- आबादी की गिनती-सोमवार को लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के बर्फीले इलाकों में 'सेल्फ-एन्यूमरेशन' के साथ शुरू होगा। इसमें दूर-दराज के गांव, पहाड़ी समुदाय और मुश्किल रास्तों वाले इलाके शामिल होंगे। देश के बाकी हिस्सों में आबादी की गिनती अगले साल फरवरी में होगी।
AUG 17, 2026 08:57 IST
बांग्लादेश ने PM तारिक रहमान की भारत यात्रा के लिए शेख हसीना के प्रत्यर्पण की शर्त रखी
बांग्लादेश ने रविवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को एक शर्त के तौर पर रखा है। ढाका में विदेश मंत्रालय का कहना है कि इस यात्रा के लिए 'अनुकूल माहौल' बनाया जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एकेएम शाहिदुल करीम ने नई दिल्ली से 'दूसरे भगोड़े अपराधियों'- जाहिर तौर पर भारत में मौजूद हसीना की अवामी लीग पार्टी के नेताओं की ओर इशारा करते हुए, इन्हें प्रत्यर्पित करने और राजनीतिक नेता शरीफ उस्मान हादी के कथित हत्यारों को सौंपने की भी मांग की, जिन्हें इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार किया गया था।
यह मांग ऐसी खबरों के बीच उठी है कि भारत और बांग्लादेश, लगभग दो साल के अभूतपूर्व तनाव के बाद अपने रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने की कोशिशों के तहत, इस महीने के आखिर में रहमान की द्विपक्षीय यात्रा की संभावना पर विचार कर रहे हैं।
AUG 17, 2026 08:55 IST
बंगाल के बीरभूम में होटल में आग लगने से 6 लोगों की मौत, बचाव कार्य जारी
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार को एक होटल में लगी भीषण आग में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 4 बजे मंदिर वाले शहर तारापीठ में हुई। सूचना मिलने पर, दमकल की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और आग बुझाने की कोशिशें शुरू की गईं। समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जान गंवाने वाले सभी लोग तीर्थयात्री थे। जलने के कारण लोगों की मौत हुई। आग लगने की वजह तुरंत पता नहीं चल पाई। वहीं, घटनास्थल पर बचाव और आग बुझाने का काम चल रहा था।
AUG 17, 2026 08:53 IST
बिहार: लखीसराय के मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत
बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार को एक मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण यह घटना हुई। अधिकारी ने बताया कि शवों की पहचान की जा रही है।
लखीसराय के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिवम कुमार ने संवाददाताओं से कहा, 'सोमवार सुबह अशोक धाम मंदिर में भगदड़ में कम से कम छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई। पुलिसकर्मी एवं जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं तथा बचाव कार्य जारी है।' हालांकि, जो अपडेट है, उसके मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा 7 हो गया है और 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
श्रावण के पवित्र महीने में सोमवार को जल चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में एकत्र हुए थे।
AUG 17, 2026 08:52 IST
जिम्बाब्वे में नौका हादसे के बाद और शव बरामद, मृतकों की संख्या 84 हुई
जिम्बाब्वे में करीबा झील में पिछले सप्ताह नौका पलटने की घटना के बाद रविवार को और शव बरामद किये गये, जिससे इसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 84 पहुंच गयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि नौका मंगलवार को तेज लहरों के बीच पलट गई थी। पुलिस ने रविवार को बताया कि और शव बरामद किए जाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 84 हो गई है, जबकि एक दिन पहले यह संख्या 72 थी।
जिम्बाब्वे की आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, हादसे के बाद 77 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, नौका में 153 यात्री थे, जबकि इसे केवल 90 लोगों को ले जाने की अनुमति थी। हालांकि, हालिया आधिकारिक आंकड़ों से संकेत मिलता है कि नौका में सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या इससे भी अधिक हो सकती है। पुलिस ने कहा कि लापता बताए गए लोगों को खोजने और उनके शव बरामद करने के लिए तलाशी अभियान अब भी जारी है।
AUG 17, 2026 08:51 IST
ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती का आदेश दिया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन को दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले प्रस्तावित संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती करने का आदेश दिया।
ट्रंप ने कहा कि दक्षिण कोरिया ने ईरान को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के अमेरिकी प्रयास में मदद करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि संयुक्त सैन्य अभ्यासों को ’’खतरा न पैदा करने वाले और सम्मानजनक’’ रवैया रखने वाले उत्तर कोरिया के प्रति "शत्रुतापूर्ण" कदम के रूप में देखा जा सकता है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने हाल में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से ईरान को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के अमेरिकी प्रयास में शामिल होने को कहा था, लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस सप्ताह शुरू होने वाले सैन्य अभ्यास न केवल महंगे हैं, बल्कि उत्तर कोरिया को ’’पूरी तरह अनुचित और शत्रुतापूर्ण’’ संकेत भी देते हैं। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में उनके कार्यकाल के दौरान उत्तर कोरिया का ’’खतरा न पैदा करने वाला और सम्मानजनक’’ रवैया रहा है।
ट्रंप ने कहा, ’’इस तथ्य को देखते हुए कि अभ्यास रद्द करने में अब बहुत देर हो चुकी है, मैंने युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ को संयुक्त सैन्य अभ्यासों में काफी कमी करने का निर्देश दिया है।’’
यह कदम ऐसे समय आया है जब ट्रंप एक सहयोगी देश के बजाय ऐसे नेता के पक्ष में खड़े होते दिखाई दे रहे हैं, जिसे पिछले अमेरिकी प्रशासन प्रतिद्वंद्वी मानते रहे हैं।
ट्रंप की यह घोषणा उनके उस सोशल मीडिया पोस्ट के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ अपनी तस्वीर साझा की थी। तस्वीर के बारे में ट्रंप ने लिखा कि दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंध हैं।
ट्रंप और उनके प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सहयोगी देशों की भी आलोचना की है। उनका आरोप है कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी युद्ध में सहयोगी देश पर्याप्त समर्थन नहीं दे रहे हैं।
प्रस्तावित 11 दिवसीय सैन्य अभ्यास में दक्षिण कोरिया के करीब 18,000 सैनिक शामिल होने वाले थे। इन अभ्यासों का उद्देश्य उत्तर कोरिया से उत्पन्न खतरों से निपटने के लिए सैन्य तैयारियों को मजबूत करना था।
उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को अमेरिका और दक्षिण कोरिया के खिलाफ कड़े कदम उठाने की धमकी दी थी। उसने दोनों देशों के सैन्य अभ्यासों को ’’आक्रामक युद्ध की तैयारी’’ बताया था और कहा था कि ये अभ्यास क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा रहे हैं।
ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान किम जोंग उन से तीन बार मुलाकात की थी। इन बैठकों में उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा हुई थी। दोनों नेताओं की आखिरी मुलाकात 2019 में हुई थी। सत्ता में लौटने के बाद से ट्रंप ने इन वार्ताओं को फिर से शुरू करने में रुचि दिखाई है।