मुंबई (अनिल बेदाग): आयरलैंड में उच्च शिक्षा की संभावनाओं और वैश्विक करियर के अवसरों को भारतीय छात्रों तक सहजता से पहुंचाने के उद्देश्य से ‘Education in Ireland’ द्वारा मुंबई के प्रतिष्ठित ‘द सेंट रेजिस’ होटल में वार्षिक शिक्षा मेले का भव्य आयोजन किया गया। आयरलैंड के कॉन्सुल जनरल पैट्रिक डफी ने इस शिक्षा मेले का औपचारिक उद्घाटन किया, जहां आयरलैंड के 17 प्रमुख विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से सीधा संवाद किया।
विभिन्न क्षेत्रों के पाठ्यक्रमों और छात्रवृत्तियों पर विशेष चर्चा
इस मेले के दौरान तकनीक, स्वास्थ्य, स्थिरता, व्यवसाय एवं वित्त, कला और मानविकी जैसे उभरते हुए क्षेत्रों में स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की पूरी जानकारी दी गई। इसके अलावा छात्रों को प्रतिष्ठित छात्रवृत्तियों, शोध कार्यों और आयरलैंड में मिलने वाले छात्र जीवन से जुड़ी बारीक जानकारियां भी साझा की गईं। कार्यक्रम में उपस्थित आयरिश वीजा कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों को वीजा प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और वित्तीय योजना (फाइनेंशियल प्लानिंग) से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए।
शिक्षा और संस्थागत सहयोग की मजबूत नींव
‘Education in Ireland’ की क्षेत्रीय प्रबंधक एलिज़ाबेथ मैकहेनरी ने इस अवसर पर कहा, “भारत और आयरलैंड के बीच शिक्षा और संस्थागत सहयोग की बेहद मजबूत नींव है। हम प्रतिभाशाली भारतीय छात्रों का आयरलैंड में स्वागत करने और उन्हें एक समग्र वैश्विक शिक्षण अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह उत्सुक हैं।”
इस कार्यक्रम के दौरान भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के सहयोग से ‘Ireland-India Higher Education Forum’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें दोनों देशों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच अंतरराष्ट्रीय शिक्षा साझेदारियों को बढ़ावा देने पर गंभीर चर्चा हुई।
कॉन्सुल जनरल पैट्रिक डफी ने अपने संबोधन में कहा, “भारत और आयरलैंड के बीच शिक्षा, शोध और टैलेंट मोबिलिटी के अत्यंत मजबूत संबंध हैं। इस तरह के मंच नई संस्थागत साझेदारियों का मार्ग प्रशस्त करते हैं और छात्रों के लिए वैश्विक स्तर पर नए द्वार खोलते हैं।” मुंबई में सफलतापूर्व संपन्न होने के बाद, यह शिक्षा मेला आगे चलकर चेन्नई और बेंगलुरु शहरों में भी आयोजित किया जाएगा।