सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर जबरन जहर पिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर हालत में युवक का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
.
घायल युवक ने पड़ोस के एक युवक पर फोन कर घर से बुलाने और उसके बाद अपने साथियों के साथ मारपीट कर मुंह में जहर डालने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घायल की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के माखड़ वार्ड संख्या-8 निवासी गोपाल साह के 28 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है।
रात 12 बजे आया फोन, घर से निकल गया युवक
घायल के पिता गोपाल साह ने बताया कि सोमवार की रात करीब 12 बजे कृष्ण कुमार के मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन आने के बाद वह घर से निकल गया। इसके बाद पूरी रात उसका कोई पता नहीं चला।
मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बदिया निवासी पान दुकानदार नवीन का फोन आया। उन्होंने बताया कि वह एक बारात से लौट रहे थे, तभी सड़क किनारे एक युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान कृष्ण कुमार के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी।
घायल ने सुनाई आपबीती
परिजनों के अनुसार, होश में आने के बाद कृष्ण कुमार ने बताया कि उसे पड़ोस में रहने वाले आशू कुमार ने फोन कर सकरौली बुलाया था। वहां पहुंचते ही चार-पांच लोगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसके मुंह में कोई जहरीला पदार्थ डाल दिया।
घायल ने बताया कि किसी तरह वह वहां से निकलकर लड़खड़ाते हुए करीब एक किलोमीटर दूर बदिया तक पहुंचा, जहां उसकी हालत देखकर पान दुकानदार नवीन ने मदद की और परिजनों को सूचना दी।
'नशे का विरोध करने पर बेटे को बनाया निशाना'
घायल के पिता गोपाल साह ने आरोप लगाया कि घटना को पड़ोस के कुछ युवकों ने अंजाम दिया है। उनका कहना है कि आरोपित युवक नशा करते हैं और उनका बेटा अक्सर इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं।
उन्होंने आशंका जताई कि पुराने विवाद और नशे का विरोध करने के कारण ही उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने जांच शुरू की
मामले को लेकर सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिल गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि घायल युवक का बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक को वास्तव में किस परिस्थिति में चोटें आईं और क्या उसके साथ जबरन जहरीला पदार्थ खिलाया गया। मामले की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।