देश की सबसे बड़ी कार कंपनियों में शामिल मारुति सुजुकी के लिए अगस्त 2026 का महीना काफी अच्छा रहा. कंपनी की कुल बिक्री में सालाना आधार पर 21.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. मारुति ने अगस्त में कुल 2,19,220 गाड़ियां बेचीं, जबकि पिछले साल अगस्त में कंपनी की कुल बिक्री 1,80,683 यूनिट थी.
कंपनी की बिक्री में सबसे बड़ा योगदान घरेलू बाजार का रहा. अगस्त में घरेलू बिक्री, जिसमें हल्के कमर्शियल वाहन भी शामिल हैं, 34.3 फीसदी बढ़कर 1,80,078 यूनिट हो गई. एक साल पहले इसी महीने यह आंकड़ा 1,34,050 यूनिट था.
SUV की बढ़ी मांग
मारुति की घरेलू पैसेंजर व्हीकल बिक्री में भी अच्छी तेजी देखने को मिली. अगस्त में कंपनी ने 1,76,971 कारें बेची हैं, जो पिछले साल के 1,31,278 यूनिट से 34.8 फीसदी ज्यादा है. इसमें सबसे बड़ा योगदान SUV और यूटिलिटी व्हीकल्स का रहा. इस कैटेगरी की बिक्री 46.3 फीसदी बढ़कर 79,045 यूनिट हो गई. इस सेगमेंट में Brezza, Ertiga, e Vitara, Fronx, Grand Vitara, Invicto, Jimny, Victoris और XL6 जैसे मॉडल शामिल हैं.
वहीं Alto और S-Presso जैसी छोटी कारों की बिक्री भी बढ़ी. इनकी बिक्री 6,853 यूनिट से बढ़कर 8,799 यूनिट हो गई. Baleno, Celerio, Ciaz, Dzire, Ignis, Swift और WagonR जैसे मॉडल की बिक्री भी 59,597 से बढ़कर 77,166 यूनिट पहुंच गई.
एक्सपोर्ट में गिरावट
घरेलू बाजार में शानदार प्रदर्शन के बावजूद अगस्त में कंपनी के एक्सपोर्ट में गिरावट आई. मारुति ने अगस्त में 33,844 यूनिट एक्सपोर्ट कीं, जो पिछले साल के 36,538 यूनिट से 7.4 फीसदी कम है. हालांकि अप्रैल से अगस्त के बीच कंपनी का एक्सपोर्ट 14.2 फीसदी बढ़कर 1,88,636 यूनिट रहा. यानी वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती पांच महीनों में कंपनी का प्रदर्शन कुल मिलाकर मजबूत रहा.
मारुति ने बताया कि अप्रैल-अगस्त के दौरान उसकी कुल बिक्री 11,43,365 यूनिट रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 8,89,070 यूनिट की बिक्री हुई थी. यानी कंपनी ने वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में ही 11 लाख यूनिट का आंकड़ा पार कर लिया. अगस्त के मजबूत आंकड़े ऐसे समय आए हैं, जब भारत में त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है. इस दौरान आमतौर पर कारों की मांग और बिक्री में और तेजी देखने को मिलती है.
ये भी पढ़ें- BMW X1 को टक्कर देने आ रही नई Audi Q3, बुकिंग ₹1 लाख में हुई शुरू

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More