भिंड में गॉदरेज से 2,250 नए रोजगार मिलने की उम्मीद: सीएम मोहन यादव करेंगे चौथी मैन्यूफेक्चरिंग यूनिट का शुभारंभ, 450 करोड़ से ज्यादा का निवेश - Bhind News

Published on 25 अग॰ 2026

भिंड के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार 26 अगस्त को उद्योग विस्तार की बड़ी शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गॉदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की विस्तारित चौथी विनिर्माण इकाई का शुभारंभ करेंगे। इकाई के विस्तार पर 450 करोड़ रुपए से अधिक का

.

ऑटोमैटिक पैकेजिंग सिस्टम लगेगा

विस्तार के तहत 10 मीट्रिक टन प्रति घंटे की क्षमता वाला निरंतर सैपोनिफिकेशन संयंत्र लगाया जा रहा है। इसके साथ प्रति मिनट 217 बंडल की क्षमता वाली स्वचालित पैकेजिंग प्रणाली भी स्थापित होगी।

विस्तार के बाद संयंत्र में हर साल 42 करोड़ हेयर कलर सैशे, 14 करोड़ मच्छर निरोधक उत्पाद और 10 करोड़ एयर फ्रेशनर सैशे बनाने की क्षमता होगी। हेयर क्रीम उत्पादन की क्षमता 7,300 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।

साबुन उत्पादन क्षमता 3.20 लाख मीट्रिक टन होगी

गॉदरेज का मालनपुर संयंत्र वर्ष 1991 से संचालित है। 65 एकड़ में फैले इस संयंत्र में अब तक करीब 850 करोड़ रुपए का संचयी निवेश हो चुका है।

वर्तमान में यहां हर साल 1.50 लाख मीट्रिक टन साबुन नूडल्स और 70 हजार मीट्रिक टन तैयार टॉयलेट साबुन का उत्पादन होता है। विस्तार के बाद साबुन नूडल्स की क्षमता 2 लाख मीट्रिक टन और तैयार साबुन की क्षमता 1.20 लाख मीट्रिक टन सालाना हो जाएगी। दोनों को मिलाकर कुल उत्पादन क्षमता 3.20 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।

185 करोड़ रुपए अतिरिक्त राजस्व की उम्मीद

भिंड और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। राज्य को हर साल करीब 185 करोड़ रुपए का अतिरिक्त केंद्रीय जीएसटी और राज्य जीएसटी राजस्व मिलने की संभावना है। इससे प्रत्यक्ष रोजगार के साथ सहायक औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

गॉदरेज ने उत्पादन विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण की व्यवस्था पर भी जोर दिया है। मालनपुर संयंत्र में शून्य तरल अपशिष्ट उत्सर्जन प्रणाली के साथ 204 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा।

संयंत्र में साबुन, हेयर कलर और घरेलू कीटनाशक सहित कई उत्पादों का निर्माण होता है। तीन दशक से अधिक समय में यह गॉदरेज के विनिर्माण नेटवर्क के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हुआ है।

कार्यक्रम में ये रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ श्रम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और भिंड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, जनप्रतिनिधि और गॉदरेज समूह के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

विस्तार के बाद मालनपुर संयंत्र एशिया की सबसे बड़ी एकीकृत साबुन विनिर्माण इकाई बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।