मुंबई में फिर मैनहोल हादसा, सफाई के दौरान 2 मजदूर गिरे, एक की मौत... दूसरे की हालत गंभीर

Published on 28 सित॰ 2026

मुंबई में फिर मैनहोल हादसा, सफाई के दौरान 2 मजदूर गिरे, एक की मौत… दूसरे की हालत गंभीर

मजदूरों का रेस्क्यू करने में जुटी फायर ब्रिगेड टीम.

Mumbai News: मुंबई के सांताक्रूज ईस्ट इलाके में सोमवार सुबह गटर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. गोलिबार रोड नंबर 8 पर वी.एन. देसाई अस्पताल के पास नगर निगम के मैनहोल में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों मजदूर एक हाउसिंग सोसायटी की सीवर लाइन की सफाई का काम कर रहे थे. हादसे के बाद बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों मजदूरों को मैनहोल से बाहर निकाला.

मैनहोल में गिरने से हुआ हादसा

सोमवार सुबह करीब 10:56 बजे गोलिबार रोड नंबर 8 स्थित भव्या निकेतन सोसायटी की सीवर लाइन की सफाई का काम चल रहा था. इसी दौरान दो निजी मजदूर नगर निगम के मैनहोल में गिर गए. बताया जा रहा कि सोसायटी ने अपनी इमारत की आंतरिक सीवर लाइन की सफाई के लिए निजी मजदूरों को काम पर लगाया था. आरोप है कि सफाई के दौरान बीएमसी को सूचना दिए बिना नगर निगम का मैनहोल खोला गया. इसी दौरान दोनों मजदूर मैनहोल के अंदर गिर गए.

ये भी पढ़ें- Thane News: यू-ट्यूब भाई से परेशान थीं महिलाएं, थाने में घुसकर पीटा; 500-500 रुपए मांगने का आरो

फायर ब्रिगेड ने दोनों को बाहर निकाला

हादसे की जानकारी मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों मजदूरों को मैनहोल से बाहर निकाला. इसके बाद दोनों को वी.एन. देसाई अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, एक मजदूर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसे मेडिकल आईसीयू (MICU) में भर्ती कराया गया है.

मृतक की पहचान संतोष काष्टे के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि संतोष सांताक्रूज इलाके की नवजीवन चॉल में रहते थे. हादसे में घायल दूसरे मजदूर की पहचान अजय के रूप में बताई जा रही है. उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के बाद मैनहोल की सफाई का काम कराने वाले निजी कॉन्ट्रैक्टर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. सफाई का काम विलास जाधव नाम के कॉन्ट्रैक्टर की ओर से कराया जा रहा था. स्थानीय लोगों का दावा है कि जाधव मुंबई महानगरपालिका के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं.

बीएमसी को सूचना दिए बिना मैनहोल खोला

स्थानीय लोगों के मुताबिक, भव्या निकेतन सोसायटी के कुछ लोगों ने विलास जाधव को सीवर लाइन की सफाई के लिए बुलाया था. आरोप है कि इस काम की जानकारी मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों को नहीं दी गई थी. हादसे के बाद वाकोला पुलिस ने कॉन्ट्रैक्टर विलास जाधव को हिरासत में लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button