एआई प्लस नोवा 2 पावर 5G आज हो सकता है लॉन्च: 7000mAh बैटरी समेत मिलेंगे ये शानदार फीचर्स, कितनी होगी कीमत?

Published on 19 सित॰ 2026

जागृति शुक्ला

Sat, 19 Sep 2026 12:29 AM IST

सार

अगर आप कम बजट में एक शानदार स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो आज आपका इंतजार खत्म हो सकता है। एआई प्लस नोवा 2 पावर 5जी को 19 सितंबर को दोपहर 12 बजे भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, लॉन्च से पहले ही फोन के कई फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स सामने आ चुके हैं। आइए जानते हैं फोन के स्पेसिफिकेशन्स और संभावित कीमत के बारे में पूरी जानकारी।

Ai+ Nova 2 Power 5G Launch Today, 7000mAh Battery, 120Hz Display, Price?
एआई प्लस नोवा 2 पावर 5G - फोटो : flipkart.com

विस्तार

कम बजट में 5G स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो आज एक नया विकल्प सामने आने वाला है। एआई प्लस नोवा 2 पावर 5जी भारत में 19 सितंबर को दोपहर 12 बजे लॉन्च होने के लिए तैयार है। फोन की माइक्रोसाइट फ्लिपकार्ट पर पहले से लाइव है और कंपनी इसके कई फीचर्स कंफर्म कर चुकी है। फोन में 7000mAh की बड़ी बैटरी, 33W फास्ट चार्जिंग, 120Hz डिस्प्ले और मीडिया टेक डायमेंसिटी 7100 5G चिपसेट मिलेगा। लॉन्च से पहले जानते हैं फोन में क्या-क्या खास होगा और इसकी कीमत को लेकर क्या जानकारी है।

कब लॉन्च होगा?

एआई प्लस नोवा 2 पावर 5G को कंपनी 19 सितंबर को दोपहर 12 बजे भारत में लॉन्च करने की तैयारी में है। फोन की माइक्रोसाइट फ्लिपकार्ट पर लाइव है, जहां इसके डिजाइन और कई स्पेसिफिकेशन की जानकारी सामने आ चुकी है।

फोन को पांच कलर ऑप्शन में पेश किया जाएगा। इनमें डीप पर्पल, ब्लू फ्यूज़न, गोल्डन ब्लू फ्यूज़न, मिडनाइट ब्लैक और ओशन ग्रीन शामिल हैं। इनमें ब्लू, फ्यूजन कलर वेरिएंट खास तौर पर आकर्षक डिजाइन के साथ नजर आता है।

48MP कैमरा और 13MP सेल्फी कैमरा

  • फोटोग्राफी के लिए एआई प्लस नाेवा 2 पावर 5G में 48 मेगापिक्सेल का मेन रियर कैमरा दिया जाएगा। इसके साथ 8 मेगापिक्सेल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी मिलेगा।
  • सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 13 मेगापिक्सेल का फ्रंट कैमरा दिया जाएगा। फ्रंट कैमरा पंच-होल कटआउट में मौजूद है।
  • फोन के पीछे उभरा हुआ चौकोर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसमें दो बड़े गोल कैमरा रिंग, LED फ्लैश और एक अन्य गोल एलिमेंट दिखाई देता है।

120Hz रिफ्रेश रेट वाला बड़ा डिस्प्ले

  • इन सब चीजों के साथ एआई प्लस नोवा 2 पावर 5G में 6.75 इंच का एचडी प्ल्स आईपीएस डिस्प्ले मिलेगा। इसका रिफ्रेश रेट 120Hz है।
  • डिस्प्ले के बीच में पंच-होल कटआउट दिया गया है। फोन के चारों किनारे गोल हैं और बैक पैनल के बीच में Ai+ का लोगो दिया गया है। दाईं तरफ पावर बटन और उसके ठीक ऊपर वॉल्यूम रॉकर मौजूद हैं। पावर बटन पर लाल रंग की झलक भी देखने को मिलती है।

डायमेंसिटी 7100 5G चिपसेट

परफॉर्मेंस के लिए कंपनी ने फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7100 5G चिपसेट देने की पुष्टि की है। यानी यह फोन 5G नेटवर्क सपोर्ट के साथ आएगा। रैम और स्टोरेज की बात करें तो इसे दो कॉन्फिगरेशन में पेश किया जाएगा। 6GB रैम प्लस 128GB स्टोरेज और 8GB रैम प्लस 128GB स्टोरेज। फोन के nxtQ OS पर चलने की उम्मीद है।

7000mAh की बड़ी बैटरी

फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी है। एआई प्लस नोवा 2 पावर 5जी में 7000mAh की लिथियम-पॉलीमर बैटरी दी गई है। इसके साथ 33W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज होने के बाद फोन पूरे दिन चल सकता है। बड़ी बैटरी ऐसे यूजर्स के लिए खास हो सकती है, जो फोन का इस्तेमाल लंबे समय तक करते हैं।

कितनी हो सकती है कीमत?

एआई प्लस नोवा 2 पावर 5जी की आधिकारिक कीमत लॉन्च के समय ही सामने आएगी। कंपनी ने अभी तक इसकी कीमत को कंफर्म नहीं किया है। हालांकि, फोन को कम बजट वाले 5G सेगमेंट में उतारे जाने की उम्मीद है। 6GB+128GB और 8GB+128GB वेरिएंट की कीमत अलग-अलग हो सकती है। अब देखना होगा कि कंपनी इस फोन को किस शुरुआती कीमत पर बाजार में पेश करती है।