दिल्ली पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 20 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ 2 विदेशी महिलाएं गिरफ्तार - Haribhoomi

Published on 1 अग॰ 2026

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 करोड़ रुपये की कोकिन के साथ दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Delhi Police

दिल्ली पुलिस ने करोड़ों की कोकिन के साथ विदेशी महिला को गिरफ्तार किया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

  • Published: 01 Aug 2026, 05:56 PM IST
  • Last Updated: 01 Aug 2026, 05:56 PM IST

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने मुंबई से दिल्ली-एनसीआर तक फैले एक कथित अंतरराज्यीय कोकीन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 2.288 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इसके पीछे सक्रिय सप्लायरों व अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।  

जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर सामान के साथ घूम रही दो संदिग्ध महिलाओं पर पड़ी। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तलाशी लेने पर एक महिला के सामान से 11 पैकेट बरामद हुए।

मौके पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) के विशेषज्ञों को बुलाया गया। जांच में पुष्टि हुई कि सभी पैकेटों में कोकीन थी। कुल 2.288 किलोग्राम कोकीन बरामद होने के बाद हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(3) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने दोनों के पासपोर्ट किए जब्त

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 43 वर्षीय चीकांसो जेम्स और 41 वर्षीय हैप्पीनेस ओकोये के रूप में हुई है। दोनों नाइजीरिया की नागरिक हैं। पुलिस ने दोनों के पासपोर्ट भी जब्त कर लिए हैं। पूछताछ  के दौरान चीकांसो जेम्स ने दावा किया कि कोकीन की खेप दिल्ली के विकासपुरी इलाके से प्राप्त की गई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कथित सप्लायर और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई, इसे किसे पहुंचाया जाना था, पैसों का लेनदेन किस माध्यम से हुआ और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की हर कड़ी की गहन जांच की जा रही है और पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए कार्रवाई जारी है।