धीरेंद्र शास्त्री बोले- देश गृहयुद्ध की ओर बढ़ रहा: कहा- प्राण चले जाएं, धर्म नहीं छोड़ना; 18 घंटे में 120KM यात्रा कर पन्ना में रुके - khajuraho News

Published on 11 अक्टू॰ 2026

पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0 रविवार को छतरपुर जिले के बमीठा से आगे बढ़कर पन्ना जिले के अजयगढ़ पहुंची। यात्रा में सबसे आगे बालाजी, फिर शास्त्री का रथ और पीछे समर्थकों के वाहनों का लंबा काफिला चल रहा था।

.

श्रद्धालुओं ने बुलडोजर और जेसीबी पर खड़े होकर फूल बरसाए। यात्रा के साथ बागेश्वर धाम की भगवा रंग में रंगी एम्बुलेंस भी चल रही हैं। दिनभर करीब 18 घंटे की यात्रा के बाद शास्त्री ने अजयगढ़ में आशीर्वचन दिए। इस दौरान सात संकल्प दोहराए गए।

शास्त्री ने कहा- चाहे जितने विरोधी आएं, प्राण चले जाएं तो भी धर्म नहीं छोड़ना है। अगर हम सब एक न हुए तो आने वाले 20 साल में हमारी स्थिति खराब होगी। देश गृहयुद्ध की ओर बढ़ रहा है, इसलिए देश को गृहयुद्ध से बचाएं।

पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा निकाली।

पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा निकाली।

शास्त्री बोले- सनातनियों में जागृति देखकर मन प्रसन्न हुआ

पन्ना पहुंचने के बाद दिनभर के अनुभव पर शास्त्री ने कहा- कमईठा, चंदनगर, मड़ला होते हुए केन नदी को पार करके हम यहां पहुंचे। बड़ा अद्भुत था, दिव्य था। सनातनियों में यह जागृति देखकर हृदय बहुत द्रवीभूत हुआ, मन बहुत प्रसन्न हुआ।

रास्ता खराब होने और यात्रा में देरी के सवाल पर शास्त्री ने कहा- लेट होने का यही कारण है, पर कोई बात नहीं। रास्ता जरूर खराब था, मन खराब नहीं। कल अनंत अंबानी या किसी मित्र के आने के सवाल पर उन्होंने हंसते हुए कहा- अनेक-अनेक शुभकामनाएं।

मंडला में स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।

मंडला में स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।

मंडला पुल पर विधायक ने किया स्वागत, कलश लेकर खड़ी रहीं महिलाएं

यात्रा मंडला पहुंची और यहां से पन्ना जिले की सीमा में प्रवेश किया। छतरपुर और पन्ना को जोड़ने वाले मंडला पुल पर विधायक ब्रजेंद्र प्रताप सिंह ने यात्रा का स्वागत किया। महिलाएं सिर पर कलश रखकर यात्रा के स्वागत के लिए खड़ी थीं।

पूजा नाम की महिला ने बागेश्वर बाबा का स्वागत किया। पूजा ने कहा कि महाराज ने उन्हें आशीर्वाद दिया, जिससे उन्हें बहुत अच्छा लगा। मंडला से यात्रा कच्चे रास्ते से हरसा और बघोआ होते हुए अजयगढ़ पहुंची। यहां 90 मिनट के भोजन विश्राम के बाद यात्रा के आगे रवाना होने की जानकारी दी गई।

बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए।

बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए।

मुस्लिम समुदाय ने माला पहनाकर किया स्वागत

अजयगढ़ में मुस्लिम समुदाय के लोग भी मंच पर पहुंचे और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का माला पहनाकर स्वागत किया। शास्त्री ने भी उन्हें पट्टिका पहनाई। सलमान और उनके अन्य मुस्लिम साथियों ने धीरेंद्र शास्त्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

राजूदास महाराज बोले- यात्रा का विरोध करना सही नहीं

हनुमान गढ़ी के संत राजूदास महाराज ने पंडोखर सरकार से यात्रा का विरोध नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा- मैं पंडोखर सरकार से निवेदन करता हूं कि यात्रा का विरोध करना सही नहीं है। इसके बाद उन्होंने दामोदर यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा- दामोदर यादव नहीं, वे दामोदरुद्दीन हैं। उनके डीएनए में गड़बड़ी है।