गर्ल्स कॉलेज में वित्तीय साक्षरता कार्यशाला, 200 छात्राओं को लाभ: बैंकिंग, निवेश और साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीके बताए,इनकम टैक्स बार एसोसिएशन की पहल - Dhamtari News

Published on 16 अक्टू॰ 2026

युवाओं को आर्थिक रूप से जागरूक और जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत इनकम टैक्स बार एसोसिएशन, धमतरी द्वारा जिले के महाविद्यालयों में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

.

इसी कड़ी में गर्ल्स कॉलेज में कार्यशाला हुई, जिसमें 200 से अधिक छात्राओं ने हिस्सा लिया। चार्टर्ड अकाउंटेंट किशोर बरडिया ने सवाल-जवाब के माध्यम से छात्राओं को वित्तीय प्रबंधन, बचत, निवेश, बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल लेन-देन और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी।

जरूरत और इच्छाओं के बीच अंतर समझने की दी सीख

वित्तीय साक्षरता पर मार्गदर्शन देने के लिए रायपुर से सीए किशोर बरडिया विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों को सही वित्तीय निर्णय लेने और पैसे का विवेकपूर्ण उपयोग करने का महत्व समझाया।

बरडिया ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को वित्तीय रूप से साक्षर बनाना है। इसके तहत विद्यार्थियों को बैंकिंग सेक्टर में खाता खोलने, बीमा सुविधाओं को समझने और साइबर फ्रॉड से सुरक्षित रहने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को बचत और खर्च के बीच संतुलन बनाने, अपनी जरूरतों और इच्छाओं के बीच अंतर समझने तथा सोच-समझकर पैसे खर्च करने की शपथ भी दिलाई गई।

तीन कॉलेजों में 450 विद्यार्थियों तक पहुंचा अभियान

आयोजकों के अनुसार, वित्तीय साक्षरता अभियान के तहत अब तक जिले के तीन महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 450 विद्यार्थियों ने भाग लिया है। कुल चार महाविद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल बैंकिंग और निवेश से जुड़ी बुनियादी जानकारी दी जा रही है, बल्कि डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

आर्थिक रूप से जिम्मेदार बनना समय की जरूरत

इनकम टैक्स बार एसोसिएशन, धमतरी के अध्यक्ष सीए आयुष माहेश्वरी ने कहा कि युवाओं को वित्तीय रूप से जागरूक और सक्षम बनाना समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य में आर्थिक रूप से जिम्मेदार बनने और सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने में सहायता करेंगे।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प के तहत चल रही यह पहल विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और एक सशक्त व जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।