
सीएम रेखा गुप्ता और कूड़ा का पहाड़.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को ओखला लैंडफिल साइट का दौरा कर जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कचरा निस्तारण की वर्तमान स्थिति, साइट पर उपलब्ध क्षेत्र और नई प्रोसेसिंग सुविधाओं की क्षमता को लेकर विस्तार से चर्चा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों की अनदेखी के कारण दिल्ली में खड़े हुए कूड़े के पहाड़ अब सरकार के लगातार प्रयासों से तेजी से कम हो रहे हैं. सरकार का लक्ष्य केवल पुराने कूड़े को हटाना नहीं, बल्कि फ्रेश वेस्ट को वैज्ञानिक रीके से प्रोसेस कर उसे दोबारा कूड़े का पहाड़ बनने से रोकना भी है.
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इसी उद्देश्य से नई प्रोसेसिंग सुविधाओं की क्षमता बढ़ाई जा रही है. पिछले लगभग डेढ़ वर्षों में ओखला, भलस्वा और गाजीपुर में 217.17 लाख मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण कर लगभग 100 एकड़ भूमि को मुक्त कराया जा चुका है. नए प्लांटों के शुरू होने से कूड़े के वैज्ञानिक प्रसंस्करण और निस्तारण की गति को और बढ़ाया जा सकेगा.
नए कचरे को पहाड़ बनने से रोकने पर फोकस
साइट की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सिर्फ ऊपरी कूड़े को हटाना काफी नहीं है, बल्कि नीचे जमे पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के साथ-साथ रोजाना आने वाले नए कचरे को प्रोसेस करने की व्यवस्था तुरंत मजबूत की जाए.
उन्होंने नई प्रोसेसिंग यूनिट्स को जल्द से जल्द पूरी क्षमता के साथ कार्यशील बनाने के निर्देश दिए ताकि लैंडफिल साइट की जमीन का प्रभावी उपयोग हो सके.
दिल्ली को स्वच्छ और बेहतर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ और बेहतर बनाने के लिए सरकार की ओर से नई प्रोसेसिंग क्षमता, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, वेस्ट-टू-रिसोर्स और नवीकरणीय ऊर्जा पर एक साथ काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि वर्षों से दिल्ली की पहचान बने कूड़े के पहाड़ों को धीरे-धीरे समाप्त कर एक स्वच्छ, सुंदर और टिकाऊ दिल्ली का निर्माण किया जाए.
ये भी पढ़ें- 2028 तक दिल्ली से गायब हो जाएंगे कूड़े के पहाड़, रेखा सरकार में मंत्री मनजिंदर सिरसा का वादा

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More