लॉर्ड्स में कैसा है टीम इंडिया का वनडे रिकॉर्ड? जहां जीता था पहला वर्ल्ड कप - India TV Hindi

Published on 18 जुल॰ 2026

भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इंग्लैंड ने दूसरा मैच जीतकर सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया है। अब इस सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। लॉर्ड्स के इस मैदान पर पिछले 22 सालों से भारत का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है और टीम यहां एक भी वनडे मैच नहीं जीत पाई है। अब देखना यह होगा कि क्या टीम इंडिया इस मैच को जीतकर अपना 22 साल का सूखा खत्म कर पाती है या नहीं।

लॉर्ड्स में टीम इंडिया ने जीता था पहला वनडे वर्ल्ड कप

भारतीय क्रिकेट के लिए लॉर्ड्स का मैदान हमेशा से बहुत लकी और खास रहा है। इसी मैदान पर 1983 में कपिल देव की कप्तानी में भारत ने पहली बार वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था। फिर साल 2002 में नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल में भारत ने इसी मैदान पर 325 रनों का एक बड़ा टारगेट चेज करके शानदार जीत हासिल की थी। इस जीत के बाद कप्तान सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में शानदार जश्न मनाया था जो फैंस को आज भी याद है। हालांकि, इन ऐतिहासिक जीतों के बाद, भी भारतीय टीम साल 2004 से यानी कि 22 साल से इस मैदान पर जीत के लिए तरस रही है।

लॉर्ड्स में अब तक 4 वनडे मैच जीत चुकी है टीम इंडिया

लॉर्ड्स के मैदान पर टीम इंडिया ने अपना पहला वनडे मैच साल 1975 में खेला था। तब से लेकर अब तक भारतीय टीम ने इस मैदान पर कुल 9 वनडे मैच खेले हैं। जिसमें से टीम इंडिया को 4 में जीत मिली है। वहीं 4 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच एक मैच टाई पर खत्म हुआ था। इन 4 में से टीम इंडिया ने 3 जीत इंग्लैंड के खिलाफ और एक जीत 1983 वर्ल्ड कप फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ दर्ज की थी। भारत को इस मैदान पर अपनी आखिरी जीत साल 2004 में मिली थी।

2004 के बाद 3 टीम हार चुकी है टीम इंडिया

साल 2004 के बाद से भारतीय टीम लॉर्ड्स के इस मैदान पर 3 मैच हार चुकी है। भारत ने यहां अपना आखिरी मैच साल 2022 में खेला था, जिसमें टीम को 100 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी थी। वहीं, 2011 में खेला गया एक मैच टाई पर छूटा था, क्योंकि बारिश की वजह से मैच बीच में ही रोकना पड़ा और इंग्लैंड की टीम डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के हिसाब से बराबरी का स्कोर बना चुकी थी। अब 2026 की इस वनडे सीरीज का आखिरी और सबसे जरूरी मैच रविवार को होने वाला है। फैंस को पूरी उम्मीद है कि कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय टीम यहां 22 साल से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म करेगी।

यह भी पढ़ें 

रोहित शर्मा और विराट कोहली लॉर्ड्स वनडे में रचेंगे इतिहास, भारत की बन जाएगी सबसे लंबी जोड़ी

इंग्लैंड के बाद किसके खिलाफ और कब वनडे खेलेगी टीम इंडिया, तीन मैचों की होगी सीरीज

Latest Cricket News

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।