बाढ़ से 238 गांव में 4.33 लाख लोग प्रभावित: कटिहार में 77 नावों से राहत-बचाव; 81 हजार लोगों को सामुदायिक रसोई में भोजन, 17 चिकित्सा शिविर जारी - Katihar News

Published on 8 सित॰ 2026

कटिहार जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि गंगा, कोसी, बरांडी और कारीकोसी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे जिले के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है।

.

मिली जानकारी के अनुसार, कुर्सेला, बरारी, अमदाबाद और मनिहारी अंचलों की 38 ग्राम पंचायतों के 238 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके अलावा, 3 नगर पंचायतों के 12 वार्डों की कुल 4,33,623 आबादी भी बाढ़ की चपेट में है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चला रहा है। लोगों के आवागमन, भोजन, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, पीने का पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

77 नावों से राहत और बचाव कार्य

डीपीआरओ ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के आने-जाने और जरूरी सामान पहुंचाने के लिए कुल 77 नावें चलाई जा रही हैं। इन नावों से फंसे लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है और राहत सामग्री गांवों तक पहुंचाई जा रही है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं आवश्यक सामग्रियों की आवाजाही हेतु कुल 77 नावों का परिचालन किया जा रहा है।

अंचलवार संचालित नावों की संख्या निम्नांकित है। बरारी में 25 नाव, मनिहारी में 11 नाव, अमदाबाद में 10 नाव, प्राणपुर में 04 नाव, कुर्सेला में 19 नाव, मनसाही में 03 नाव, कोढ़ा में 03 नाव और फलका में 02 नाव।

81,467 बाढ़ प्रभावितों को कराया गया भोजन

अबतक बरारी अंचल अन्तर्गत 32 रसोई केन्द्र में 49440, कुर्सेला अंचल अन्तर्गत 03 रसोई केन्द्र में 4369, मनिहारी अंचल अन्तर्गत 02 रसोई केन्द्र में 993 तथा अमदाबाद अंचल अन्तर्गत 22 रसोई केन्द्र में 26665, कुल 81467 बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को भोजन कराया गया है।

इसके अतिरिक्त बाढ़ से प्रभावित नये क्षेत्रों के विस्थापितों एवं जलमग्न घरों में रह रहे परिवारों के लिए आज संध्या तक बरारी में 21, कुर्सेला में 12, मनिहारी में 32 तथा अमदाबाद में 27 कुल 92 नये अतिरिक्त सामुदायिक रसोई केन्द्रों का प्रारम्भ किया जा रहा है।

17 चिकित्सा शिविरों में 694 लोगों का इलाज

बाढ़ से प्रभावित हुए क्षेत्रों के प्रभावित व्यक्तियों की स्वास्थ्य सुविधा के निमित्त अबतक बरारी में 05, अमदाबाद में 04, कुर्सेला में 02, मनिहारी में 06 स्वास्थ्य शिविरों का संचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से अबतक लगभग 1285 व्यक्तियों का ईलाज किया गया है।

साथ ही अब तक कुल 708 हैलोजेन टैबलेट का वितरण किया गया। आज बरारी में 05, कुर्सेला में 02, मनिहारी में 06 तथा अमदाबाद में 04 कुल 17 चिकित्सा शिविर का संचालित है, जिसके माध्यम से 694 व्यक्तियों का ईलाज किया गया है।

पशुओं के इलाज और चारे की भी व्यवस्था

बाढ़ प्रभावित पशुओं के उपचार हेतु बरारी अन्तर्गत मोहनाचाँदपुर एवं उत्तरी भंडारतल कुर्सेला अन्तर्गत रेलवे माल गोदाम, मनिहारी अन्तर्गत धुरियाही मोती बाँध एवं अमदाबाद अन्तर्गत दुर्गापुर पंचायत के गोविन्द बाँध पर कुल 05 पशु चिकित्सा शिविर संचालित कर पशु चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।

इन शिविरों के माध्यम से अबतक 472 पशुओं का इलाज किया गया। इसके आलावे वैसे सभी स्थल जहाँ लोग विस्थापित होकर अपने मवेशी के साथ आ गए है ऐसे स्थानों यथा- बरारी अन्तर्गत मोहनाचाँदपुर, कुर्सेला अन्तर्गत रेलवे माल गोदाम, मनिहारी अन्तर्गत धुरियाही मोती बाँध पर पशुचारा वितरण का कार्य जारी है।

4060 पॉलीथीन शीट्स का वितरण

बाढ़ से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के बीच अबतक लगभग 4060 पॉलीथीन शीट्स का वितरण किया जा चुका है। वितरण कार्य लगातार जारी है।

51 चापाकल और 44 अस्थायी शौचालय लगाए गए

बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के क्रम में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, कटिहार द्वारा बरारी अंचल अन्तर्गत 40 चापाकल एवं 30 अस्थायी शौचालय, कुर्सेला अंचल अन्तर्गत 10 चापाकल एवं 10 अस्थायी शौचालय तथा मनिहारी अंचल अन्तर्गत 01 चापाकल एवं 04 अस्थायी शौचालय, इस प्रकार अबतक कुल 51 चापाकल एवं 44 अस्थायी शौचालय का अधिष्ठापन किया गया है।

24 घंटे सक्रिय है जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र

जिलान्तर्गत किसी भी प्रकार की आपदा संबंधी त्वरित सूचना संग्रहण, समन्वयन एवं सहायता हेतु जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र (DEOC) - सह-नियंत्रण कक्ष 24 X 7 के आधार पर पालीवार कार्यरत है। प्राप्त सूचना / शिकायत / जानकारी के आलोक में संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जा रहा है एवं पजी भी संधारित है। दूरभाष संख्या: 06452-239025, 239026, 242400। ईमेल आई०डी० : [email protected]

जिला प्रशासन ने लोगों से की अपील

बाढ प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करें, अनावश्यक रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन न करे तथा किसी प्रकार की आपदा संबंधी सूचना अथवा आवश्यकता होने पर तत्काल जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र (DEOC) - सह-नियंत्रण कक्ष से सम्पर्क करें। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्यों का विस्तार किया जा रहा है।