बेमेतरा में 24 घंटे में 72.8 मिमी बारिश: कई रास्ते बंद, लाटा में 25 घर प्रभावित, पुल-पुलियों के ऊपर से पानी - Bemetara News

Published on 26 सित॰ 2026

बेमेतरा जिले में पिछले 24 घंटे में औसतन 72.8 मिमी बारिश हुई है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई पुल-पुलियों के ऊपर पानी आ गया, जिसके चलते बेमेतरा-दुर्ग, बेरला-रायपुर और साजा-थानखम्हरिया सम

.

जिले में सबसे ज्यादा बारिश बेरला में 110.5 मिमी, भानखम्हरिया में 107.5 मिमी और भिंभौरी में 103.5 मिमी दर्ज की गई। बेमेतरा में 62.1, दाढ़ी में 70.3, साजा में 90.7, देवकर में 40, नवागढ़ में 34.5 और नांदघाट में 36.4 मिमी बारिश हुई।

लाटा में 25 से ज्यादा घर प्रभावित होने का दावा

बेरला के लाटा गांव में जलभराव से 25 से ज्यादा घर प्रभावित होने की बात ग्रामीणों ने कही है। खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गांव में पानी घुसने से राशन, घरेलू सामान और पशुओं का चारा भीग गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, जलभराव के कारण खाने-पीने और घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। वामन निषाद ने बताया कि उनके घर में चार फीट से ज्यादा पानी भर गया, जिससे राशन खराब हो गया। वहीं दादू निषाद ने आने-जाने और पेयजल की समस्या बताई।

सरपंच बोले- पानी लगातार बढ़ रहा, 4 लोग फंसे थे

ग्राम पंचायत लाटा के सरपंच होरीलाल यादव के अनुसार, भाटापारा में करीब 25 घर प्रभावित हैं और पानी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि शीतला मंदिर तक पानी पहुंच गया है।

सरपंच के मुताबिक, खारुन नदी के बाढ़ के पानी में चार लोग फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। ज्यादा प्रभावित परिवारों के रहने के लिए पंचायत भवन खोलने की बात भी उन्होंने कही।

तहसीलदार बोले- किसी घर में पानी नहीं घुसा

वहीं, प्रशासन की ओर से मामले में अलग जानकारी दी गई है। तहसीलदार केशव राम वासनिक ने बताया कि वे सुबह करीब 6 से 9 बजे तक मौके पर मौजूद रहे।

उनके अनुसार, एक फार्म हाउस में फंसी एक महिला और तीन पुरुषों को सुरक्षित निकालकर स्कूल में ठहराया गया। पंचायत की ओर से उनके भोजन और पानी की व्यवस्था की गई।

तहसीलदार ने कहा कि उनके निरीक्षण के दौरान गांव के किसी घर में पानी घुसा नहीं मिला और प्रभावित लोग गांव के बाहर की स्थिति में थे।

इन मार्गों पर आवागमन प्रभावित

बारिश और नदी-नालों के उफान के कारण कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है

  • बेमेतरा-दुर्ग मार्ग: समोदा नाला उफान पर।
  • बेरला-रायपुर मार्ग: पठारीडी के पास खारुन नदी का पानी, रास्ता बंद।
  • साजा-थानखम्हरिया मार्ग: नकटा नाला उफान पर।
  • रौद्रा-बगलेड़ी मार्ग: डोटू नाला उफान पर।
  • नवकेशा-देवकर-जलबांधा मार्ग: आवागमन प्रभावित।
  • थानखम्हरिया-सिलाटी मार्ग: आवागमन प्रभावित।
  • बोरतरा-परपोड़ी मार्ग: सुरही नदी के कारण प्रभावित।
  • नवागढ़-भाठापारा मार्ग: आवागमन प्रभावित।

राहत व्यवस्था पर ग्रामीणों और प्रशासन के दावों में अंतर

बारिश के बीच प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों तक राहत, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है। दूसरी ओर, लाटा के ग्रामीणों ने मौके पर पर्याप्त भोजन और पेयजल नहीं मिलने की शिकायत की है।

इस तरह राहत व्यवस्था और जलभराव को लेकर ग्रामीणों के दावे और प्रशासन की जानकारी में अंतर सामने आया है। मामले में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई से जानकारी लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।