दुनिया
- Edited by: मोनू झा
- Updated Jul 11, 2026, 01:59 PM IST
PM Modi New Zealand Visit: 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड का ऐतिहासिक दौरा किया। ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने 25-30 साल पुरानी एक याद साझा करते हुए वह मफलर दिखाया, जो उन्हें तब एक कीवी नागरिक ने तोहफे में दिया था।
![]()
40 साल बाद न्यूजीलैंड पहुंचे भारतीय पीएम
Photo :
ANI
PM Modi New Zealand Visit: भारत और न्यूजीलैंड के कूटनीतिक रिश्तों में एक नया इतिहास रच गया है। पूरे 40 साल के लंबे इंतजार के बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड की सरजमीं पर पहुंचा है। ऑकलैंड में आयोजित एक भव्य सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रवासी भारतीयों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के साथ अपने पुराने और बेहद निजी जुड़ाव का एक दिलचस्प किस्सा साझा कर सबका दिल जीत लिया।
मंच पर एक मफलर पहने हुए पीएम मोदी (Modi Old Muffler Story) ने भावुक होते हुए कहा, "करीब 25-30 साल पहले, जब मैं किसी सरकार का हिस्सा नहीं था और सार्वजनिक जीवन में मुझे कोई नहीं जानता था, तब मुझे न्यूजीलैंड आने का मौका मिला था। उस वक्त एक कीवी नागरिक ने मुझे तीन चीजें तोहफे में दी थीं- एक टोपी, दस्ताने और यह मफलर। आज मैं वही मफलर पहनकर आपके बीच आया हूं। जैसे मैंने इस मफलर को इतने सालों तक संभाल कर रखा, वैसे ही मैं आप सभी के प्यार को हमेशा अपने दिल के करीब रखता हूं।"
रिकॉर्ड समय में हुआ ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट
इस कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सम भी मौजूद रहे। उन्होंने पीएम मोदी की वैश्विक छवि और उनके जमीनी सफर की जमकर तारीफ की। लक्सम ने दोनों देशों के बीच हुए ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का जिक्र करते हुए कहा, "कई लोग कहते थे कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार समझौता मुमकिन नहीं है, लेकिन पीएम मोदी और मैंने इसे रिकॉर्ड समय में मुमकिन कर दिखाया। भारत सिर्फ एक व्यापारिक साझीदार नहीं है, बल्कि एक ऐसा देश है जिसके साथ हम आगे बढ़ रहे हैं और जिस पर हम पूरा भरोसा करते हैं।"
कीवी पीएम के 'मस्त कलंदर' डांस की तारीफ
पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड की राजनीति में भारत को मिलने वाले द्विपक्षीय (Bipartisan) समर्थन की सराहना की। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में पीएम क्रिस्टोफर लक्सम की तारीफ करते हुए कहा कि वह भारतीय समुदाय के बीच एक 'सुपरहिट सनसनी' बन चुके हैं। भारत के स्वतंत्रता दिवस पर लक्सम और पूर्व पीएम क्रिस हिपकिंस का 'मस्त कलंदर' गाने पर किया गया डांस सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसने हर भारतीय का दिल जीत लिया था। यह दौरा दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक और सांस्कृतिक सेतु को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हुआ है।
![]()
मोनू झा author
मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें
- Hindi News
- World
End of Article