टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजों के लिए धैर्य और तकनीक की सबसे बड़ी परीक्षा होती है. कई बार मजबूत से मजबूत टीम भी मुश्किल परिस्थितियों में लड़खड़ा जाती है और पूरी टीम बेहद छोटे स्कोर पर पवेलियन लौट जाती है. टेस्ट इतिहास में कुछ ऐसे मुकाबले भी हुए हैं, जब टीम का स्कोर 50 रन तक भी नहीं पहुंच सका. इस लिस्ट में न्यूजीलैंड का नाम सबसे ऊपर है, जो सिर्फ 26 रन पर ऑलआउट हो गई थी.
न्यूजीलैंड के नाम सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे कम स्कोर पर आउट होने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम दर्ज है. 1955 में ऑकलैंड में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट में न्यूजीलैंड की पूरी टीम सिर्फ 26 रन पर सिमट गई थी. यह मुकाबला 25 मार्च 1955 को खेला गया था. न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और टीम 27 ओवर में ही ऑलआउट हो गई. यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे छोटा टीम स्कोर है.
वेस्टइंडीज भी 27 रन पर हुई ढेर
इस लिस्ट में अगला नाम वेस्टइंडीज का है. जुलाई 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किंग्सटन टेस्ट में वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 27 रन पर ऑलआउट हो गई थी. इस तरह वह टेस्ट इतिहास में सबसे कम स्कोर बनाने वाली टीमों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई. इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके. टीम के कई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए.
दक्षिण अफ्रीका के नाम भी कई शर्मनाक आंकड़े
दक्षिण अफ्रीका की टीम भी इस सूची में कई बार नजर आती है. उसका सबसे कम टेस्ट स्कोर 30 रन है. टीम ने 1896 में इंग्लैंड के खिलाफ गेबरहा में 30 रन बनाए थे. इसके अलावा 1924 में बर्मिंघम टेस्ट में भी दक्षिण अफ्रीका 30 रन पर सिमट गई थी. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने 1899 में केपटाउन में इंग्लैंड के खिलाफ 35 रन और 1932 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 36 रन बनाए थे.
भारत भी इस लिस्ट में शामिल
भारतीय टीम का टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम स्कोर 36 रन है. एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2020 के डे-नाइट टेस्ट की पहली पारी में भारत की पूरी टीम महज 36 रन पर ढेर हो गई थी. यह भारतीय टेस्ट इतिहास का सबसे कम टीम स्कोर है. इसके अलावा भारत 1974 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ भी सिर्फ 42 रन पर ऑलआउट हुआ था.
यह भी पढ़ें- कुलदीप को प्लेइंग XI से बाहर करने की है चर्चा, भारतीय कोच ने दिया बड़ा बयान
टेस्ट में सबसे कम टीम स्कोर
न्यूजीलैंड- 26 रन, इंग्लैंड के खिलाफ, 1955
वेस्टइंडीज- 27 रन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 2025
दक्षिण अफ्रीका- 30 रन, इंग्लैंड के खिलाफ, 1896
दक्षिण अफ्रीका- 30 रन, इंग्लैंड के खिलाफ, 1924
दक्षिण अफ्रीका- 35 रन, इंग्लैंड के खिलाफ, 1899
दक्षिण अफ्रीका- 36 रन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 1932
भारत- 36 रन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 2020
यह भी पढ़ें- रेखा से जीनत अमान तक, इमरान खान का बॉलीवुड की इन हसीनाओं संग जुड़ा नाम