सागर: जहरीली शराब कांड में मौतों का सिलसिला जारी, 28 की मौत का दावा, 5 वेंटिलेटर पर, आंखों और किडनियों पर अटैक

Published on 9 सित॰ 2026

बुंदेलखंड क्षेत्र के बंडा और आसपास के इलाकों में नकली और जहरीली शराब से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस दर्दनाक त्रासदी में अब तक 28 लोगों की जान जा चुकी है, हालांकि प्रशासनिक आंकड़ों में अभी 15 मौतों की ही आधिकारिक पुष्टि की गई है। इसके बावजूद अस्पताल पहुंचने वाले नए मरीजों और गंभीर मामलों ने स्वास्थ्य तंत्र की नींद उड़ा दी है।



अस्पताल में कोविड जैसे हालात


बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में वर्तमान में 90 मरीजों का इलाज चल रहा है। हालात से निपटने के लिए बीएमसी में कोविड के दौर जैसे कड़े प्रबंध किए गए हैं। अस्पताल के आईसीयू में भर्ती 9 गंभीर मरीजों में से 5 की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

विज्ञापन



कई मरीजों के खून से जहरीले तत्वों को बाहर निकालने के लिए बार-बार डायलिसिस करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई गंभीर मरीजों की आंखों की रोशनी भी प्रभावित हुई है। हनोती गांव के 32 वर्षीय धनसिंह आदिवासी सहित अन्य पीड़ित आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।

विज्ञापन



ये भी पढ़ें: जहरीली शराब से मौतें… ‘सागर गोल्ड’ पर रोक लगाने वाले अफसर को ही नोटिस! आखिर नियमों की आड़ में कार्रवाई क्यों?



तीन और मौतें, प्रशासन कर रहा जांच


बीती रात इलाज के दौरान छापरी निवासी 38 वर्षीय अरविंद विश्वकर्मा और धुरमार निवासी 32 वर्षीय रामस्वरूप अहिरवार की मौत हो गई। इसके अलावा रिझावर सानौधा निवासी 50 वर्षीय नर्मदा प्रसाद की भी मौत की सूचना है, हालांकि अस्पताल प्रबंधन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इसकी आधिकारिक पुष्टि की बात कह रहा है।



आबकारी और पुलिस की कार्रवाई जारी


प्रशासनिक सख्ती के बीच आबकारी विभाग की 3 टीमों ने जिले के वेयरहाउस, डिस्टलरी और सभी शराब दुकानों की गहन जांच की है। जांच के दौरान फैक्ट्री, वेयरहाउस और सरकारी दुकानों के 'सागर गोल्ड' ब्रांड को क्लीन चिट मिल गई है, लेकिन बम्बइया और डीसीआर ब्रांड की सप्लाई पर आगामी आदेश तक रोक जारी रहेगी।



बरेठी और बरायठा शराब दुकानों के संचालकों सिद्धार्थ कुशवाह और यशवंत ठाकुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनके लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बंडा और बिनैका थानों में अब तक कुल 30 आरोपियों पर नामजद एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जिनमें से 14 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सील की गई अन्य दुकानों की जांच पूरी होने के बाद बुधवार से उनका संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।