बंगाल की खाड़ी में गहराया डिप्रेशन, 3 दिन भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; इन राज्यों में ज्यादा खतरा | bay-of-bengal-depression-heavy-rain-alert-imd-weather-update

Published on 17 अग॰ 2026

नई दिल्ली। मानसून की बारिश के अलर्ट के बीच बंगाल की खाड़ी में बना मौसम का सिस्टम अब डिप्रेशन में बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार सुबह 5:30 बजे डिप्रेशन में तब्दील हो गया। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में अगले तीन दिनों तक भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके असर से गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।

पिछले 24 घंटे में ओडिशा के भोगोराई में करीब 22 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा उत्तराखंड के लिटी में 17 सेंटीमीटर, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के चुरक में 15 सेंटीमीटर और बहेड़ी में 14 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

झारखंड-बिहार में तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने झारखंड में 18 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बिहार में 17 से 23 अगस्त के बीच बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले कई दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 17-18 अगस्त और 20-22 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 से 23 अगस्त के बीच भारी बारिश का अनुमान है।

समुद्र में ऊंची लहरें, मछुआरों को सलाह

आइएमडी ने उत्तरी बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा, पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। हवाओं की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 18 अगस्त तक समुद्र की स्थिति खराब रहने की आशंका है। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में 17 से 20 अगस्त के बीच आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 18 अगस्त को अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 19 और 20 अगस्त को भी कुछ इलाकों में बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।