सुपौल के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड की छिठही पंचायत के सिमरी वार्ड-2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-106 में बुधवार को तीन वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
.
केंद्र पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन बच्चे को सरायगढ़ पीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
देखें, मौके से आई तस्वीरें…

रियांश कुमार की फाइल फोटो।


सुबह मां आंगनबाड़ी केंद्र पर छोड़कर गई थी
मृतक की पहचान सिमरी वार्ड-2 निवासी रूपेश कुमार शर्मा के तीन वर्षीय पुत्र रियांश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8 बजे रियांश की मां गौरी देवी उसे आंगनबाड़ी केंद्र पर छोड़कर घर लौट गई थीं।
पौने 11 बजे मिली बच्चे की तबीयत बिगड़ने की सूचना
करीब पौने 11 बजे गौरी देवी को सूचना मिली कि रियांश की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। वह परिजनों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं। वहां बच्चा अचेत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित किया
राघोपुर रेफरल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता के अनुसार बच्चे को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। जांच में जीवन के कोई लक्षण नहीं मिले। चिकित्सक के मुताबिक मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगी।

मूंगफली खिलाने के बाद तबीयत बिगड़ने की चर्चा
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चे को मूंगफली खिलाई गई थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि, इस बात की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासनिक जांच में इस बिंदु को भी देखा जा रहा है।
सेविका बोली- बच्चे का केंद्र में नामांकन नहीं था
आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका मुन्नी देवी ने बताया कि रियांश का केंद्र में नामांकन नहीं था। बुधवार सुबह उसकी मां उसे लेकर केंद्र पर आई थीं। सेविका के अनुसार बच्चे की तबीयत पहले से खराब थी। मौत की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही गई है।
कुत्ते के भौंकने से डरने की बात भी सामने आई
सरायगढ़ थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि बच्चा किसी कुत्ते के भौंकने से डर गया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई गई है। हालांकि पुलिस ने इसे केवल प्रारंभिक जानकारी बताया है और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
पुलिस ने घटनास्थल पर भेजा पदाधिकारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस पदाधिकारी सचिन कुमार को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

सीडीपीओ ने सेविका से मांगी रिपोर्ट
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी लक्ष्मी रानी ने बताया कि उन्हें घटना की औपचारिक जानकारी नहीं मिली थी। स्थानीय स्तर से सूचना मिलने के बाद आंगनबाड़ी सेविका से रिपोर्ट मांगी जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पिता बाबा धाम गए थे, घर में मचा कोहराम
परिजनों के अनुसार रियांश के पिता रूपेश कुमार शर्मा मंगलवार रात बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। घटना के समय घर पर उसकी मां गौरी देवी और दादी कौशल्या देवी थीं। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दो भाइयों में छोटा था रियांश
रियांश दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई चेतन कुमार करीब पांच वर्ष का है। मासूम की मौत के बाद मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि उन्हें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल बच्चे की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। मूंगफली खिलाने, पहले से तबीयत खराब होने और कुत्ते के भौंकने से डरने जैसी अलग-अलग बातें सामने आई हैं, लेकिन इनमें से किसी की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तीन वर्षीय रियांश की मौत किस वजह से हुई।