अंबाला में एक रात में 3 घरों में चोरी: छत के रास्ते मकान में घुसकर सामान चुराया; कैमरा दिखते ही ढक लेता था मुंह - Ambala News

Published on 22 सित॰ 2026

अंबाला कैंट के प्रभु प्रेम पुरम में एक चोर ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया। स्थानीय निवासी विनीत वालिया की ओर से पुलिस को फोन पर दी गई जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर को चोर रात करीब 12:20 से 12:33 बजे के बीच कॉलोनी में दाखिल हुआ और अलसुबह करी

.

जानकारी के मुताबिक, चोर सबसे पहले मकान नंबर 560 में दाखिल हुआ। यह मकान अमरजीत सैनी का बताया गया है और उस समय घर खाली था। मकान के प्रथम तल पर रेनोवेशन का काम चल रहा था, जहां बाल्टी समेत अन्य सामान रखा हुआ था। आरोप है कि चोर इसी सामान को बोरी में भरकर अपने साथ ले गया। अमरजीत सैनी ने पुलिस को शिकायत देने के लिए सुबह करीब 5 बजे डायल-112 पर सूचना दी।

उन्होंने आशंका जताई है कि रिनोवेशन के काम से जुड़े किसी व्यक्ति को भी इस सामान की जानकारी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

मुंह बांधकर गली में प्रवेश करता संदिग्ध शख्स, CCTV में कैद।

मुंह बांधकर गली में प्रवेश करता संदिग्ध शख्स, CCTV में कैद।

छत के रास्ते 560-A में पहुंचा, कई बार सामान लेकर गया

पहले घर से चोरी करने के बाद चोर दोबारा मकान नंबर 560-A पहुंचा। यहां रहने वाले विनीत वालिया के अनुसार, चोर 560 नंबर के मकान की छत के रास्ते उनके घर तक पहुंचा। आरोप है कि वह यहां से मोटर, बाल्टी, टब, गेहूं और अन्य सामान लेकर गया। विनीत के मुताबिक, चोर एक साथ पूरा सामान नहीं ले गया, बल्कि 2-3 बार में सामान बाहर ले जाता रहा।

वह सामान कहीं आसपास रखने के बाद दोबारा घर में आता और बाकी सामान लेकर जाता दिखाई दिया।

मोबाइल की टॉर्च जलाकर सामान तलाशता संदिग्ध शख्स, CCTV में कैद।

मोबाइल की टॉर्च जलाकर सामान तलाशता संदिग्ध शख्स, CCTV में कैद।

तीसरे घर 561 में भी चोरी, उसी रास्ते से लौटा

इसके बाद चोर ने मकान नंबर 561 को निशाना बनाया, जहां युधिष्ठिर मौदगिल रहते हैं। दी गई जानकारी के अनुसार, चोर पहले 560 नंबर के खाली मकान में गया, फिर 560-A में चोरी की और इसके बाद 561 में पहुंचा। यहां चोरी करने के बाद वह उसी रास्ते से वापस लौट गया।

विनीत वालिया का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में चोर को रात में कॉलोनी में आते-जाते देखा जा सकता है। उनके अनुसार, चोर करीब 12:20 बजे इलाके में दाखिल हुआ और करीब 5 बजे वहां से गया। चोरी की पूरी गतिविधि करीब चार घंटे से अधिक समय तक चलने का दावा है।

विनीत वालिया द्वारा अधिकारियों को भेजी गई ई-मेल।

विनीत वालिया द्वारा अधिकारियों को भेजी गई ई-मेल।

'कैमरे का पता चलते ही चोर ने ढका मुंह'

विनीत वालिया के अनुसार, सीसीटीवी में चोर जब गली में दाखिल होता दिखाई देता है, तो उसने मुंह कपड़े से ढका हुआ था। उनका कहना है कि चोर को गली में कैमरे लगे होने की जानकारी थी। हालांकि, 560-A मकान की छत पर पहुंचने के दौरान उसका मुंह खुला हुआ था। जैसे ही उसे छत पर कैमरा लगे होने का पता चला, उसने दोबारा अपना मुंह कपड़े से ढक लिया।

बोरी में सामान भरकर अपने साथ ले जाता संदिग्ध शख्स, CCTV में कैद।

बोरी में सामान भरकर अपने साथ ले जाता संदिग्ध शख्स, CCTV में कैद।

कॉलोनी में रात की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

विनीत वालिया ने पुलिस अधिकारियों को भेजे ई-मेल में प्रभु प्रेम पुरम में रात के समय एक PCR की तैनाती की मांग की है। उन्होंने ई-मेल में पिछले दिनों इलाके में चोरी की अन्य घटनाएं होने का भी उल्लेख किया है। साथ ही CCTV फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। अब पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और चोरी किए गए सामान की बरामदगी की जांच कर रही है।