धौलपुर में दर्दनाक हादसा... पोखर में गिरी ईको कार, 3 बच्चों समेत 4 की मौत; 5 गंभीर घायल

Published on 5 सित॰ 2026

धौलपुर में दर्दनाक हादसा... पोखर में गिरी ईको कार, 3 बच्चों समेत 4 की मौत; 5 गंभीर घायल

हादसे के बाद बचाव में जुटी टीम

Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. मनिया थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास यात्रियों से भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर पोखर में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि कार पानी में डूब गई. घटना में अब तक तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.

जानकारी के मुताबिक, ईको कार में कई यात्री सवार थे. फूलपुर गांव के पास पहुंचते ही कार पोखर में जा गिरी. बताया जा रहा है कि पोखर के आसपास अतिक्रमण के कारण पानी सड़क तक फैल गया था. सड़क का काफी हिस्सा पानी में डूबा हुआ था. ऐसे में चालक को सड़क और पोखर की वास्तविक सीमा का अंदाजा नहीं लग सका और कार सीधे गहरे पानी में जा गिरी.

हादसे में चार लोगों की मौत

कार के पोखर में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस-प्रशासन को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर श्रीनिधी बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया. हादसे में चार लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं पांच घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.

Rajasthan News 1280 720 2026 09 05t170923.855

हादसे के बाद पोखर के आसपास अतिक्रमण को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि अतिक्रमण की वजह से पोखर का पानी सड़क तक पहुंच गया था. सड़क पर पानी भरने के कारण वाहन चालक को यह पता नहीं चल सका कि आगे सड़क है या गहरा पानी. इसी वजह से यह हादसा हुआ.

हादसे के बाद प्रशासन सख्त

घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है. जिला कलेक्टर श्रीनिधी बीटी ने संबंधित अधिकारियों को पोखर क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर उसे हटाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही अधिकारियों से पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है.

Rajasthan News 1280 720 2026 09 05t170830.023

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं. हादसे की परिस्थितियों और अतिक्रमण समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. यह हादसा एक बार फिर जलभराव और सार्वजनिक रास्तों के आसपास किए गए अतिक्रमण को लेकर प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है.

ध्वज आर्य

ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More

google button