हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करते 3 आरोपी गिरफ्तार: सस्ते दामों में खरीदकर बेच देते थे; मिलीभगत में एक ड्राइवर भी पकड़ा - Chittorgarh News

Published on 5 अक्टू॰ 2026

चित्तौड़गढ़ में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और टैंकरों से डीजल चोरी कर बेचने वाले तीन आरोपियों को डीएसटी और भादसोड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चोरी किया गया 145 लीटर डीजल, डीजल निकालने का सामान, एक कंटेनर और दो ट्रक जब्त किए हैं।

.

ड्राइवरों की मिलीभगत से निकाले जाने वाले डीजल को आरोपी सस्ते दाम में खरीदकर स्थानीय ग्राहकों को ज्यादा कीमत में बेच देते थे। इसके अलावा पकड़े गए दो आरोपी ड्राइवरों की मिलीभगत के बिना भी ट्रकों से डीजल चोरी कर उसे बेच देते थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भादसोड़ा मेन चौराहे पर आरोपी नानूराम माली के मकान के सामने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा। पूछताछ में डीजल चोरी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस थाना भादसोड़ा और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई की।

पुलिस थाना भादसोड़ा और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर दो ट्रकों से डीजल निकालते पकड़े

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया - डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली कि भादसोड़ा मेन चौराहे पर प्यार माली के मकान के सामने दो ट्रक खड़े हैं और उनमें से डीजल चोरी किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसटी टीम मौके पर पहुंची और भादसोड़ा थाना पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर वहां मौजूद लोगों की जांच की। इस दौरान दो ट्रकों से डीजल निकालने की गतिविधि सामने आई।

एक आरोपी ट्रक ड्राइवर, मिलीभगत से करवाता था चोरी

पुलिस के अनुसार मौके पर नानूराम पुत्र प्यारा माली निवासी भादसोड़ा, ट्रक ड्राइवर मानसिंह पुत्र कैलाशचंद्र मीणा (29) निवासी फतेहपुर, भीलवाड़ा और सांवरमल (29) पुत्र मदनलाल गुर्जर निवासी रायपुरिया, थाना शक्करगढ़, भीलवाड़ा मिले। पुलिस ने तीनों को डिटेन कर लिया। इनमें मानसिंह ट्रक ड्राइवर है और पुलिस के अनुसार वह मिलीभगत से ट्रकों से डीजल चोरी करवाने में शामिल था।

वहीं नानूराम और सांवरमल ड्राइवरों की मिलीभगत के बिना भी ट्रकों से डीजल चोरी कर उसे बेच देते थे। मौके से 145 लीटर चोरी का डीजल, डीजल चोरी में इस्तेमाल सामान, एक कंटेनर और दो ट्रक जब्त किए गए। पुलिस पूछताछ कर रही है कि आरोपी कितने समय से डीजल चोरी कर रहे थे और इसमें और कौन लोग शामिल हैं।

तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।

तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।

सस्ते में खरीदकर स्थानीय ग्राहकों को ज्यादा दाम में बेचते

पुलिस जांच में सामने आया - आरोपी नानूराम माली अपने घर के सामने हाईवे रोड पर खड़े होने वाले ट्रक और टैंकरों से डीजल चोरी करवाता था। ये वाहन चित्तौड़गढ़ और उदयपुर के बीच आने-जाने के दौरान सांवलियाजी प्राकट्य स्थल भादसोड़ा चौराहे के आसपास रुकते थे।

ड्राइवरों की मिलीभगत से ट्रकों से निकाले जाने वाले डीजल को आरोपी सस्ते दाम में खरीद लेते थे और बाद में स्थानीय ग्राहकों को ज्यादा कीमत में बेच देते थे। इसके अलावा नानूराम और सांवरमल ड्राइवरों की मिलीभगत के बिना भी वाहनों से डीजल चोरी कर उसे बेचते थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि चोरी का डीजल किन-किन स्थानीय ग्राहकों को बेचा जाता था।

इसी जगह पहले भी पकड़ा जा चुका है अवैध डीजल

पुलिस के अनुसार इसी स्थान से पहले भी अवैध पेट्रोल और डीजल का मामला सामने आ चुका है। पहले आरोपी नानूराम माली के भाई प्रेम माली के कब्जे से भी अवैध पेट्रोल और डीजल बरामद किया गया था। उस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज किया था। अब पुलिस इस मामले में आगे जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी का डीजल कहां-कहां बेचा जाता था।