
राहुल ने ODI करियर का 9वां शतक जमायाImage Credit source: PTI
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती दोनों मैच टीम इंडिया ने आसानी से जीते. दोनों मैच में भारतीय टीम ने लक्ष्य का पीछा किया और उसके टॉप-3 बल्लेबाजों ने ही सारे रन बनाए. ऐसे में सवाल उठ रहे थे कि मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों को कब मौका मिलेगा? तीसरे और आखिरी मैच में ये मौका आ ही गया और यहां केएल राहुल ने एक तूफानी शतक जमा दिया. राहुल ने सिर्फ 87 गेंदों में 129 रन की जबरदस्त पारी खेली. राहुल की इस शतकीय पारी के दम पर भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 351 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
न्यू चंडीगढ़ में शनिवार 3 अक्टूबर को सीरीज के आखिरी मैच में भारतीय टीम पहले बैटिंग करने उतरी थी और उसने सिर्फ 3 रन पर कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली के विकेट गंवा दिए थे. यहां से रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने बेहतरीन साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. दोनों की पारियों ने भारत को बेहतर स्थिति में पहुंचाया तो फिर राहुल ने उसे जबरदस्त अंदाज में खत्म करते हुए जीत के लायक स्कोर तक पहुंचाया.
राहुल का जबरदस्त शतक, दमदार फिनिशिंग
पारी के 25वें ओवर में बैटिंग के लिए उतरे केएल राहुल इसके बाद अंत तक टिके रहे. शुरुआत उनकी थोड़ी संभली हुई रही, जिसकी उम्मीद थी. मगर एक बार आंखें जमने के बाद उन्होंने गेंदबाजों को जमने का मौका नहीं दिया. राहुल ने 41 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर रनों की रफ्तार को बढ़ा दिया. आखिरकार पारी के 49वें ओवर में राहुल ने डीप स्क्वायर लेग पर एक छ्क्का जमाते हुए अपना शतक पूरा कर लिया. उनका ये शतक सिर्फ 80 गेंदों में आया, जो उनके वनडे करियर का 9वां और इस साल का दूसरा शतक है.
मगर राहुल इतने पर ही नहीं रुके और आखिरी ओवर तक भी चौके-छक्के बरसाते रहे, जिसकी मदद से 50वें ओवर में भारत ने 22 रन बटोरे और 351 रन के दमदार स्कोर के साथ पारी का अंत किया. राहुल ने सिर्फ 87 गेंदों में 129 रन बनाए, जो उनके वनडे करियर का सबसे बड़ा स्कोर भी है. भारत का 7वां विकेट 45.4 ओवर में गिरा और उस वक्त स्कोर 290 रन था. राहुल तब 78 रन पर थे. इसके बाद अगली 26 गेंदों में भारत ने 61 रन जोड़े, जिसमें गुरनूर बराड़ ने सिर्फ 8 रन बनाए, जबकि राहुल ने 20 गेंदों में 51 रन कूटे.
धोनी की बराबरी पर पहुंचे राहुल
राहुल की पारी कितनी जबरदस्त थी, उसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि जब वो बैटिंग के लिए उतरे, तब स्कोर 141 रन था. भारत ने अगले 25 ओवर में 210 रन बनाए, जिसमें से 129 रन अकेले राहुल ने बनाए. इतना ही नहीं, ODI में भारत के लिए 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए ये राहुल का चौथा शतक है. उन्होंने सिर्फ 36 पारियों में ये 4 शतक लगाए हैं. इस तरह उन्होंने इस मामले में एमएस धोनी की बराबरी की है, जिन्होंने 83 पारियों में इतने शतक लगाए थे. उनसे आगे सिर्फ युवराज सिंह (7 शतक, 92 पारी) हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More