नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। रक्षा मंत्रालय (Ministry of Defence) में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत 30 वर्षीय नाजिया खानम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। महज चार महीने पहले दुल्हन बनीं और तीन महीने की गर्भवती नाजिया का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। इस खौफनाक घटना के बाद जहां पति ने इसे आत्महत्या बताया है, वहीं मृतका के परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसने पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा दिया है।
खुशियों से शुरू हुआ सफर कुछ महीनों में खौफ में बदला
जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय में तैनात नाजिया खानम का निकाह इसी साल 11 अप्रैल को अजम अली खान के साथ बड़े अरमानों से हुआ था। लेकिन, परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल का माहौल नर्क बन गया। नाजिया के पिता तवाब खान ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को पति अजम, सास सामिन निशा, ससुर बाबर अली खान और ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि नाजिया अक्सर फोन पर रोते हुए गाली-गलौज, मारपीट और घर से निकालने व जान से मारने की धमकियों का जिक्र करती थी। कई बार शिकायत के बावजूद ससुराल वालों के रवैये में कोई सुधार नहीं आया।
पति की दलील- ‘झगड़े के बाद कमरे में कर लिया था बंद’
बुधवार, 21 अगस्त की अलसुबह करीब चार बजे नाजिया के मायके वालों को अचानक फोन कर यह मनहूस खबर दी गई कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही द्वारका स्थित घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को नाजिया के पति अजम ने बताया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पति का दावा है कि झगड़े के बाद नाजिया ने गुस्से में खुद को कमरे में बंद कर लिया और जब उसने बाद में देखा तो वह खिड़की से फंदे पर लटकी हुई थी। हालांकि, नाजिया के परिवार ने पति की इस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है और आशंका जताई है कि पहले उनकी बेटी की हत्या की गई और फिर इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटका दिया गया।
मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हुए बयान, वीडियोग्राफी की मांग
मामला रक्षा मंत्रालय की अधिकारी और शादी के सात साल के भीतर हुई मौत का होने के कारण पुलिस ने तुरंत एसडीएम (SDM) को सूचित किया। नाजिया के पिता और भाई ने बिजवासन के कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने अपने विस्तृत बयान दर्ज कराए हैं, जिसमें उन्होंने दामाद अजम अली खान को मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सच सामने लाने के लिए परिवार ने पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने और सबूतों को सुरक्षित रखने की भी अपील की है। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि तीन महीने के अजन्मे बच्चे के साथ नाजिया की जान आखिर किन हालातों में गई।
You Might Be Interested In
- 4 हाथ और 4 पैर के साथ जन्मा बच्चा, देखते ही उड़े परिजनों के होश… डॉक्टरों ने बताई वजह
- बीच मैदान श्रीलंकाई गेंदबाज से भिड़ गए यशस्वी जायसवाल, धक्का-मुक्की की आई नौबत, देखें VIDEO
- NRI बेटे ने माता-पिता को भेजे 11 लाख रुपये और आ गया इनकम टैक्स का नोटिस, जानें विदेश से पैसे मंगाने के क्या हैं जरूरी नियम
- हैवान पति ने मां साथ मिलकर पत्नी को जबरदस्ती पिलाया टॉयलेट क्लीनर, तड़पती रही महिला, मौत
- बंगाल की खाड़ी में डूबा कार्गो जहाज, 24 क्रू मेंबर्स थे सवार, खोज एवं बचाव अभियान जारी
- अमेरिकी राजदूत का बड़ा ऐलानः भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील करीब हुई पूरी