कवर्धा के चिल्फी बॉर्डर पर पुलिस ने कंटेनर के गुप्त चेंबर से 4.47 क्विंटल गांजा पकड़ा। आरोपी बलजीत सिंह गिरफ्तार, 2.50 करोड़ से अधिक का मशरूका जब्त।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- Published: 01 Sep 2026, 12:38 PM IST
- Last Updated: 01 Sep 2026, 12:38 PM IST
महेश मिश्रा- कवर्धा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चिल्फी बॉर्डर पर पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी के लिए गांजे को कंटेनर ट्रक के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के अनुसार, चिल्फी बॉर्डर पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान कंटेनर ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस टीम ने गांजे को बाहर निकालकर उसका वजन कराया, जो कुल 4,47,445 ग्राम यानी 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम पाया गया।
कवर्धा के चिल्फी बॉर्डर पर पुलिस ने कंटेनर के गुप्त चेंबर से 4.47 क्विंटल गांजा पकड़ा। आरोपी बलजीत सिंह गिरफ्तार, 2.50 करोड़ से अधिक का मशरूका जब्त। pic.twitter.com/utEzV52F7L
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 1, 2026
2.50 करोड़ से ज्यादा का मशरूका जब्त
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए पूरे मशरूके की कुल अनुमानित कीमत 2.50 करोड़ रुपये से अधिक है। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गांजे की सप्लाई कहां से हुई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इस अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
कवर्धा के चिल्फी बॉर्डर पर पुलिस ने कंटेनर के गुप्त चेंबर से 4.47 क्विंटल गांजा पकड़ा। आरोपी बलजीत सिंह गिरफ्तार, 2.50 करोड़ से अधिक का मशरूका जब्त। pic.twitter.com/KtIr3jHSwa
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 1, 2026
पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का इनाम
गांजा तस्करी की इस बड़ी कार्रवाई पर आईजी अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)