टीसीएस का दूसरी तिमाही में मुनाफा 4 प्रतिशत बढ़ा, आय 73 हजार करोड़ रुपए से अधिक रही
टीसीएस का दूसरी तिमाही में मुनाफा 4 प्रतिशत बढ़ा, आय 73 हजार करोड़ रुपए से अधिक रही
IANS
08 Oct 2026
17:05 IST
New Update
/newsnation/media/media_files/thumbnails/202610083971183-614694.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे गुरुवार को जारी किए। इस दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा तिमाही आधार पर 4 प्रतिशत बढ़कर 13,884 करोड़ रुपए रहा है।
इससे पहले जून तिमाही में कंपनी को 13,349 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। इसमें 668 करोड़ रुपए का असाधारण नुकसान शामिल था, जो कि एक कानूनी दावे से जुड़ा हुआ था।
वित्त वर्ष 27 की सितंबर तिमाही में कंपनी की ऑपरेशन से कंसोलिडेटेड आय तिमाही आधार पर बढ़कर 73,188 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि जून तिमाही में 72,275 करोड़ रुपए थी।
इसके अलावा, 30 सितंबर तक कंपनी में कर्मचारियों की संख्या 5,98,056 थी, जबकि आईटी सर्विसेज में नौकरी छोड़ने की दर 13.3 प्रतिशत थी।
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 27 के लिए 12 रुपए प्रति शेयर का दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसकी रिकॉर्ड डेट 14 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
नतीजों पर सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर के कृथिवसन ने कहा, हम अपने सभी अंतरराष्ट्रीय बाजारों और ज्यादातर इंडस्ट्री सेगमेंट में व्यापक वृद्धि से खुश हैं।
कृथिवसन ने आगे कहा कि इस तिमाही में हमने पोर्श और बेस्ट बाय के साथ दो खास डील की घोषणा की, जो ट्रांसफॉर्मेशन पार्टनरशिप की एक नई कैटेगरी को दर्शाती हैं। अपने क्लाइंट्स के साथ मिलकर, हम ऐसे वैल्यू प्लेटफॉर्म बना रहे हैं जिन्हें बार-बार इस्तेमाल किया जा सके और जो बड़े पैमाने पर एआई को इंडस्ट्री-लेवल पर ला सकें।
नतीजों से पहले, गुरुवार को बीएसई पर टीसीएस के शेयर 0.42 प्रतिशत गिरकर 2,075.25 रुपए पर बंद हुए।
एक्सचेंज डेटा के अनुसार, टीसीएस का 52-हफ्तों का उच्चतम स्तर 3,336.70 रुपए और 52-हफ्तों का निचला स्तर 1,976 रुपए है।
पिछले महीने में, आईटी स्टॉक में लगभग 8 प्रतिशत की गिरावट आई है। इस साल की शुरुआत से अब तक टीसीएस से शेयर में 35.7 प्रतिशत की गिरावट आई है। बीते एक साल में शेयर 30 प्रतिशत से ज्यादा फिसला है।
–आईएएनएस
एबीएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें! विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें