बिना चेहरा दिखाए एक दिन में कमा लिए ₹40 करोड़! 25 अगस्त के 'रहस्य' से लाखों को लगा चूना

Published on 25 अग॰ 2026

Aug 25, 2026 06:07 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

25 अगस्त को लेकर Instagram से Telegram तक चलाए गए रहस्यमयी कैंपेन ने लाखों लोगों की उत्सुकता बढ़ाई और करोड़ों रुपये की कमाई हुई। आइए आपको इस बारे में विस्तार से बताते हैं। 

Instagram-Telegram Money Game

बिना चेहरा दिखाए क्रिएटर्स ने 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली।

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा मामला चर्चा में है, जिसने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बिना अपना चेहरा दिखाए सिर्फ रहस्य, उत्सुकता और सोशल मीडिया की ताकत से कितनी बड़ी कमाई की जा सकती है? 25 अगस्त 2026 को लेकर Instagram पर एक रहस्यमयी कैंपेन चलाया गया। लोगों को लगातार यह संकेत दिया गया कि इस तारीख को कुछ ऐसा सामने आने वाला है, जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे। इसके बाद लाखों लोगों को टेलीग्राम ऐप पर ले जाकर ‘उल्लू’ बनाया गया और ऐसा करने वाले यूजर की लाखों में कमाई हुई है।

मामले की शुरुआत 25.august.2026 नाम से बनाए गए इंस्टाग्राम अकाउंट के साथ हुई। अकाउंट पर चेहरे पर सफेद मास्क पहने यूजर ने लगातार ऐसे वीडियो और रील्स शेयर कीं, जिनमें बताया गया कि 25 अगस्त को कुछ खास होने वाला है। वीडियोज में लोगों से लगातार यही अपील की गई कि वे 25 अगस्त को वापस आकर अकाउंट चेक करें। धीरे-धीरे बढ़ती लोकप्रियता के साथ इंस्टाग्राम अकाउंट के करीब चार लाख फॉलोअर्स हो गए। साफ है कि लाखों लोग इंतजार कर रहे थे कि 25 अगस्त को क्या खास होने वाला है।

24 अगस्त की रात हुआ बड़ा खुलासा

चैनल पर पहले सिर्फ एक लाइन दिखाई गई, “25 अगस्त को वापस आना, तुम्हें पछतावा नहीं होगा।” इसके बाद डेट नजदीक आने के साथ काउंटडाउन शुरू हो गया। 11 घंटे, 10 घंटे, 9 घंटे और फिर एक-एक घंटे का काउंटडाउन इंस्टाग्राम स्टोरी में पोस्ट किया गया। जैसे-जैसे समय कम होता गया, लोगों की उत्सुकता बढ़ती गई। 30 मिनट, 15 मिनट, 10 मिनट, 5 मिनट और आखिर में 60 सेकंड तक के पोस्ट किए गए।

क्रिएटर ने साथ ही @August25_2026 नाम से Telegram चैनल भी बनाया था और वहां भी लगातार ऐसे ही काउंटडाउन पोस्ट किए जा रहे थे। आखिरी स्टोरी में इंस्टाग्राम यूजर्स को टेलीग्राम चैनल का लिंक दिया गया और वहां एक वीडियो पोस्ट किया गया है।

टेलीग्राम चैनल की मदद से कमाई

खास बात यह थी कि टेलीग्राम चैनल में जुड़ने के बाद वीडियो देखने के लिए यूजर्स को भुगतान करना था। टेलीग्राम पर यूजर्स को स्टार खरीदने होते हैं और इस चैनल का हिस्सा बनकर वीडियो देखने के लिए कम से कम 250 स्टार खरीदने पड़ते, जिनकी कीमत 500 रुपये के करीब थी। वीडियो में क्या है और काउंटडाउन किसलिए किया जा रहा था, जानने के लिए सैकड़ों या हजारों नहीं, बल्कि लाखों लोगों ने भुगतान किया। इस टेलीग्राम चैनल के 1.8 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं।

सबसे बड़ी बात यह है कि अब तक करीब 8 लाख लोग टेलीग्राम पर पोस्ट किया गया वह वीडियो देख चुके हैं, जिसे देखने के लिए कम से कम 502.99 रुपये का भुगतान करना पड़ता है। यानी कुल 8 लाख लोगों ने इतनी बड़ी रकम का भुगतान वीडियो देखने के लिए किया, यानी कुल 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई क्रिएटर ने अपने खास कैंपेन के साथ कर ली। हालांकि, यह आंकड़ा फॉलोअर्स और व्यूअर्स के आधार पर सामने आया है और आधिकारिक रूप से वेरिफाइड नहीं है।

आखिर वीडियो में क्या दिखाया गया?

क्रिएटर ने वीडियो के साथ लिखा कि यह वीडियो केवल 25 अगस्त को उपलब्ध रहेगा और फिर इसे डिलीट कर दिया जाएगा। 17 मिनट 55 सेकेंड के इस वीडियो में समय का महत्व बताया गया है और कहा गया है कि हम सब अपना वक्त बर्बाद कर रहे हैं। आसान भाषा में बताएं तो यह एक मोटीवेशन वीडियो है और इसमें कुछ भी ऐसा खास नहीं है, जिसके लिए बड़ी रकम खर्च की जाए। यानी क्रिएटर ने एक सिंपल से वीडियो के लिए लोगों को लुभाया और करोड़ों की कमाई कर ली।

मजेदार बात यह है कि लोग बेवकूफ जरूर बने क्योंकि वीडियो उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा लेकिन यह किसी तरह का स्कैम नहीं है और पूरी तरह लीगल है। लोगों ने सभी फैसले अपनी समझ से लिए और उन्हें किसी तरह से ठगा नहीं गया।

लेखक के बारे में

Pranesh Tiwari

प्राणेश वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे पिछले चार वर्षों से टेक्नोलॉजी सेक्शन का अहम हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने पूरे करियर में साइंस और टेक्नोलॉजी की जटिलताओं को आम पाठकों के लिए सरल, सहज और रोचक भाषा में प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया है।

विशेषज्ञता और कार्यशैली
प्राणेश की विशेषज्ञता गैजेट्स, टेक इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में है। वे तकनीकी बारीकियों और कठिन शब्दावली को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि एक सामान्य पाठक भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया को आसानी से समझ सके। लेटेस्ट गैजेट्स का रिव्यू करना और नए मोबाइल ऐप्स के फीचर्स को आजमाना उनके काम का पसंदीदा हिस्सा है। उनकी लेखन शैली में स्पष्टता, रिसर्च और कहानी कहने का संतुलन देखने को मिलता है।

अब तक का सफर और उपलब्धियां
प्राणेश ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजबाइट्स (NewsBytes) में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी रिपोर्टिंग में अपनी अलग पहचान बनाई। वे भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और अपनी प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित PTI अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।

लेखन और व्यक्तिगत रुचियां
पत्रकारिता के साथ-साथ प्राणेश एक संवेदनशील और रचनात्मक लेखक भी हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने ‘सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां’ नामक लघुकथा संग्रह लिखा, जिसमें रिश्तों की बारीकियों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

उन्हें स्मार्टफोन, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर गहराई से रिसर्च करना और पढ़ना पसंद है। काम के अलावा, उन्हें यात्रा करना भी बेहद पसंद है। उनके लिए यात्राएं केवल सुकून का जरिया नहीं, बल्कि नए अनुभवों और कहानियों को खोजने का तरीका हैं।

चाहे वह किसी नए AI टूल की पड़ताल हो या किसी अनदेखी जगह की यात्रा.. प्राणेश का लक्ष्य हमेशा एक बेहतरीन कहानी बुनना ही होता है।

और पढ़ें

See Less