42 मैच में 13 शतक, दुनिया में बेस्ट एवरेज, फिर देवदत्त पडिक्कल को क्यों नहीं मिली जगह?

Published on 16 सित॰ 2026

42 मैच में 13 शतक, दुनिया में बेस्ट एवरेज, फिर देवदत्त पडिक्कल को क्यों नहीं मिली जगह?

देवदत्त पडिक्कल को क्यों नहीं मिला मौका?Image Credit source: PTI

India vs West Indies: वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. इसमें चर्चा के केंद्र में ऋषभ पंत रहे हैं, जिन्हें टीम में जगह नहीं मिली है. वहीं हार्दिक पंड्या अभी भी फिट नहीं हुए हैं. इनके अलावा नमन धीर और आकिब नबी को टीम में मौका मिलना भी हैरान करने वाला रहा है. मगर एक सवाल ये भी उठ रहा है कि जब श्रेयस अय्यर जैसा बल्लेबाज इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं है तो देवदत्त पडिक्कल को क्यों एक मौका नहीं दिया गया?

अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने बुधवार 16 सितंबर को वनडे और टी20 सीरीज के लिए स्क्वॉड चुना. इसमें सबसे अहम वनडे स्क्वॉड था क्योंकि आने वाले एक साल तक यही फॉर्मेट अहमियत रखेगा और फिर एशियन गेम्स के कारण भी टीम में कुछ अहम खिलाड़ी उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में उनकी जगह भरना भी जरूरी था, जिसमें चौथे नंबर पर बैटिंग करने वाले श्रेयस अय्यर का रिप्लेसमेंट सबसे अहम था.

जबरदस्त फॉर्म, फिर भी पडिक्कल की अनदेखी

सेलेक्शन कमेटी ने इस रोल के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को चुना है. गायकवाड़ का चयन वैसे तो स्वाभाविक है लेकिन एक सवाल ये भी उठ रहा है कि क्यों देवदत्त पडिक्कल को नहीं चुना गया, जो इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. बाएं हाथ के बल्लेबाज पडिक्कल ने हाल ही में श्रीलंका दौरे पर लगातार 2 शतक जमाए, जबकि उससे पहले आईपीएल 2026 में भी जबरदस्त बल्लेबाजी की.

इतना ही नहीं, लिस्ट ए क्रिकेट यानि वनडे क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड जबरदस्त है. अपने 42 लिस्ट ए मैच के करियर में पडिक्कल ने 2796 रन बनाए हैं, जिसमें 13 शतक और 14 अर्धशतक हैं. यानि जिन 41 पारियों में उन्होंने बैटिंग की है, उसमें 27 बार 50 का आंकड़ा पार कर चुके हैं. साथ ही उनका औसत 82.23 है, जो इस फॉर्मेट में इस वक्त पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा है.

इन 2 वजहों से नहीं मिला मौका

ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि पडिक्कल को क्यों नहीं चुना गया? मगर दो ऐसी वजहें हैं, जिसके चलते सेलेक्शन कमेटी ने गायकवाड़ को चुना. पहला, पडिक्कल टॉप ऑर्डर, मुख्य रूप से ओपनिंग, के बल्लेबाज हैं और उन्होंने अपने ज्यादातर रन इसी पोजिशन में बनाए हैं, जबकि टीम में जगह मिडिल ऑर्डर की खाली थी. ऐसे में पडिक्कल के लिए जगह बनती नहीं.

दूसरा, गायकवाड़ की वनडे इंटरनेशनल में पिछली पारी साउथ अफ्रीका के खिलाफ थी, जिसमें उन्होंने शतक जमाया था. उनका ये शतक चौथे नंबर की पोजिशन पर ही आया था और इसी रोल के लिए उन्हें चुना गया है. गायकवाड़ ने अपने करियर में इस नंबर पर काफी बैटिंग की है. साथ ही खुद 100 पारियों के करियर में गायकवाड़ ने भी करीब 59 के औसत से 5334 रन बनाए हैं, जिसमें 21 शतक शामिल हैं. ऐसे में पडिक्कल के लिए फिलहाल इंतजार के अलावा कोई विकल्प नहीं है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button