Aug 19, 2026 11:12 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
चेतेश्वर पुजारा को लगता है कि भारत को गॉल टेस्ट में दूसरी पारी 5-6 ओवर पहले घोषित करनी चाहिए थी। क्या टीम इंडिया ने ऐसा नहीं करके गलती की, यह आज क्लियर हो जाएगा। भारत ने 372 का टारगेट दिया है।

चेतेश्वर पुजारा और भारतीय टीम
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच गॉल स्टेडियम में खेला जा रहा है। बुधवार को मैच का पांचवां और निर्णायक दिन है। भारत ने श्रीलंका के सामने 372 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत की मंगलवार को दूसरी पारी 48.5 ओवर में 193 रनों पर सिमटी थी। भारत ने पहली पारी में 462 जोड़ने के बाद 178 रनों की बढ़त हासिल की थी। चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि भारत को दूसरी पारी 5-6 ओवर पहले घोषित कर देनी चाहिए थी। भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज पुजारा ने कहा कि बारिश आने पर भारत को इसका एहसास होगा। चौथे दिन स्टंप्स तक श्रीलंका ने दूसरी पारी में चार विकेट के नुकसान पर 84 रन जुटाए। श्रीलंका लक्ष्य से 288 रन दूर है और भारत को जीत के लिए छह विकेट की दरकरार है।
'आप पांचवें दिन ऐसी स्थिति में…'
पुजारा ने क्रिकइंफो पर चर्चा के दौरान कहा, ''5-6 ओवर पहले पारी घोषित हो जानी चाहिए थी। एक टीम के तौर पर अगर आप 370 तक पहुंचना चाहते हैं, तो शायद आप थोड़ी और तेजी से रन बनाने की कोशिश कर सकते हैं। अगर बारिश ने अड़ंगा नहीं लगाया तो भारत यह मैच जीत सकता है। हालांकि, अगर बारिश ने परेशान किया तो आप पांचवें दिन ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहेंगे जहां आप सोचें कि हम पांच-छह ओवर पहले पारी घोषित कर सकते थे।'' श्रीलंका ने आखिरी बार भारत से टेस्ट मैच साल 2015 में जीता था।
भारतीय पेसर्स को कम मत आंंक
भारतीय स्पिनर्स पांचवें दिन श्रीलंकाई पारी को जल्द समेटने की कोशिश करेंगे। लेकिन पुजारा का मानना है कि तेज गेंदबाजों की भूमिका को कम नहीं आंकाना चाहिए। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि भारत को एक सीमर के साथ शुरुआत करनी चाहिए। मैं चाहूंगा कि सिराज एक एंड से पारी शुरू करें और आप दूसरे एंड से कुलदीप या मानव सुथार में से बॉलिंग करा सकते हैं। मैं चाहूंगा कि सिराज के चार ओवर और प्रसिद्ध कृष्णा के चार ओवर एक एंड से हों। एक एंड से स्पिनर्स के साथ बॉलिंग करते रहें और दूसरे एंड से अपने स्पिनर्स को रोटेट करें।''
गॉल में सिर्फ एक बार हुआ ऐसा
गॉल में सिर्फ एक बार 300 प्लस रन का टारगेट चेज हुआ है। श्रीलंका को मिला 372 रन का लक्ष्य गॉल स्टेडियम में टेस्ट क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़े स्कोर के रिकॉर्ड से ज्यादा है। यहां अब तक सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम है, जिसने 2022 में 344 रन का लक्ष्य हासिल किया था।
लेखक के बारे में
Md.Akram
मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
