गर्मी से पहले पानी सप्लाई व्यवस्था में जुटा निगम: 5 प्रमुख टंकियां दिसंबर तक तैयार करने को कहा, 30 MLD एक्स्ट्रा पानी रिजर्व रखने की योजना - Indore News

Published on 6 अक्टू॰ 2026

इंदौर में कम बारिश ने आगामी समय में पानी को लेकर नगर निगम की चिंता बढ़ा दी है। गर्मी में पानी सप्लाई की पर्याप्त और सुचारू व्यवस्था बनी रहे इसकी तैयारी निगम ने अभी से शुरू कर दी है।

.

मंगलवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी व्यवस्थाओं को मिशन मोड में पूरा करने को कहा।

महापौर ने कहा कि इस साल, पिछले साल की तुलना में लगभग 10% कम बारिश हुई है। कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश भी हुई है, लेकिन भूजल रिचार्ज उम्मीद के अनुरुप नहीं हुआ है। ऐसे में आगामी जनवरी-फरवरी से कुछ क्षेत्रों में भूजल स्तर कम होने की संभावना है, जिससे पानी की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

सभी तक पानी पहुंचना के लिए पानी सप्लाई व्यवस्था को अभी से सुदृढ़ कर रहे है। अधिकारियों को जोन और वार्ड स्तर पर जरूरत के मुताबिक टैंकर, पानी सप्लाई की लाइन, पानी की टंकियों और अन्य पानी के स्रोतों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की तैयारी करने को कहा है।

बैठक के दौरान महापौर, जलकार्य प्रभारी बबलू शर्मा व अन्य अधिकारी।

बैठक के दौरान महापौर, जलकार्य प्रभारी बबलू शर्मा व अन्य अधिकारी।

टंकियां तैयार होने से 30 एमएलडी पानी एक्स्ट्रा होगा रिजर्व

महापौर ने अधिकारियों को शहर की प्रमुख पानी टंकियों की क्षमता और स्थिति की समीक्षा कर आने वाली गर्मी के लिए तैयार रखने को कहा है।

योजना के तहत दिसंबर तक नौलखा, गोंदवाले, आजाद नगर, डाकिया व फल-बाग क्षेत्र की पांच टंकियों को तैयार करने का लक्ष्य है।

इनसे लगभग 30 एमएलडी एक्स्ट्रा पानी रिजर्व और जरूरत वाले क्षेत्रों में सप्लाई कर सकेंगे। अधिकारियों को फल-बाग क्षेत्र से जुड़ी लगभग 12-13 टंकियों की स्थिति को बेहतर बनाने और रख-रखाव का काम समय पर पूरा करने को कहा है।

महापौर व जलकार्य प्रभारी ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश।

महापौर व जलकार्य प्रभारी ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश।

बचत और सही इस्तेमाल आगे अहम भूमिका निभाएगा

नगर निगम के पानी टैंकरों के साथ-साथ निजी हाइड्रेंड से पानी भरने वाले निजी टैंकरों और निजी हाइड्रेंट की सूची तैयार करने व जरूरत पड़ने पर इनसे प्रभावित इलाकों में पानी सप्लाई की जा सकेगी।

शहर में फिलहाल करीब 300 टैंकरों से पानी सप्लाई किया जा रहा है। आने वाले समय में टैंकरों की जरूरत, रूट निर्धारण पहले से तैयार करने को कहा है। नवदुर्गा उत्सव में पंडालों और समारोह में भी लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक करने के कहा है।

महापौर ने लोगों से भी अपील की है कि पानी की बचत और उसका सही इस्तेमाल ही गर्मी में पानी की जरूरत को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।