श्रावण महीने के दौरान पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार सुबह कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। गांधीनगर स्थित निंबार्क आश्रम से सुबह 8.30 बजे रवाना होने वाली यात्रा में 5 हजार श्रद्धालु शामिल होंगे। इनमें 3100 शिव भक्त नंगे पैर कंधे पर काव
.
51 फीट की कावड़ रहेगी आकर्षण
कावड़ यात्रा की जानकारी सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के संरक्षक महंत मोहनशरण शास्त्री और अध्यक्ष अरुण राय ने दी। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 8.30 बजे गांधीनगर स्थित निंबार्क आश्रम से कावड़ यात्रा रवाना होगी। इसमें 5 हजार श्रद्धालु शामिल होंगे। इनमें 3100 शिव भक्त नंगे पैर कंधे पर कावड़ उठाकर चलेंगे।
यात्रा में पहली बार दो पार्ट में बनी 51 फीट की कावड़ शामिल होगी। इसका एक हिस्सा 25 फीट और दूसरा हिस्सा 26 फीट का होगा। दोनों हिस्सों को 11-11 श्रद्धालु अपने कंधों पर उठाकर चलेंगे।
सात पवित्र नदियों का जल भरा जाएगा
समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि श्रावण मास में समिति की ओर से लगातार चौथी बार कावड़ यात्रा निकाली जा रही है। इस बार पहली बार कावड़ में सात पवित्र नदियों का जल भरा जाएगा। इसमें गंगा, यमुना, शिप्रा, नर्मदा, अलखनंदा, गंगोत्री और यमुनोत्री का जल शामिल है।
कावड़ियों को लाने-ले जाने के लिए बस और टेंपो
कावड़ियों और शिव भक्तों को निंबार्क आश्रम तक लाने के लिए समिति की ओर से बस और टेंपो की व्यवस्था की गई है। यात्रा के साथ हरणी महादेव पहुंचने वाले कावड़ियों द्वारा भोले का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा। जिन कॉलोनियों से बस और टेंपो श्रद्धालुओं को लेकर आएंगे, अभिषेक और प्रसाद के बाद उन्हें वापस उन्हीं कॉलोनियों में छोड़ा जाएगा।
एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पानी की भी व्यवस्था
यात्रा के साथ डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ से युक्त दो एंबुलेंस रहेंगी। इसके अलावा फायर ब्रिगेड और पानी के कैंपर भी साथ रहेंगे। निंबार्क आश्रम से रवाना होने के बाद कावड़ यात्रा गणेश मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा गंगापुर तिराहा, स्टेशन चौराहा, गोलप्याऊ चौराहा, बड़ला चौराहा और दादीधाम होते हुए हरणी महादेव पहुंचेगी।
पटरी पार की कॉलोनियों से भी श्रद्धालु शामिल होंगे
विक्रम झा ने बताया कि यात्रा में पटरी पार की अलग-अलग कॉलोनियों से श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके लिए इन कॉलोनियों को 8 भागों में बांटा गया है। हर कॉलोनी के लिए अलग-अलग प्रभारी बनाए गए हैं। हरणी महादेव में अभिषेक के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए मेला ग्राउंड में प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
पिछले साल 2100 कावड़िए शामिल हुए थे
समिति के अनुसार पिछले साल निकाली गई कावड़ यात्रा में 2100 कावड़िए शामिल हुए थे। इस बार यात्रा में 5 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।