झारखंड के पलामू में करमा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, विसर्जन करने गए 5 बच्चे कोयल नदी में डूबे... 4 की मौत

Published on 23 सित॰ 2026

झारखंड के पलामू में करमा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, विसर्जन करने गए 5 बच्चे कोयल नदी में डूबे… 4 की मौत

हादसे के बाद मची चीख पुकार

Five Children Drown in Koel River: झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां पांच बच्चे कोयल नदी में डूब गए, जिनमें चार की की मौत हो गई. ये घटना पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में हुई. यहां आज सुबह पांच बच्चों के नदी में डूबने से करमा पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं.

इस हादसे के बाद चारों बच्चों का शव अब तक बरामद हुआ है, जिनकी पहचान नीतीश कुमार सिंह , अमित कुमार , राजा सिंह और विशाल पासवान के रूप में की गई है. जबकि पांचवे बच्चे हेमंत कुमार की तलाश अभी जारी है. कोयल नदी में हुए हादसे की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान शुरू कराया

पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान शुरू कराया. गांव के पांच बच्चे करमा पूजा की सामग्री लेकर कोयल नदी में विसर्जन करने पहुंचे थे. पूजा सामग्री विसर्जित करने के दौरान अचानक सभी बच्चे नदी की तेज धारा की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में डूबने लगे. बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया.

चार बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया

इसके बाद बच्चों के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की. कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने चार बच्चों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. पांचवा बच्चा अभी भी लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है.

करमा पूजा की सामग्री के विसर्जन के दौरान हुए हादसे में चार बच्चों की मौत के बाद गांव में मातम पसर गया है. चैनपुर थाना की पुलिस के द्वारा चारों बच्चों के शवों को अस्पताल भेज दिया गया है. वहीं नदी में डूबे पांचवे बच्चे की तलाश की जा रही है.

ये भी पढ़ें: जादू-टोने के शक में प्रधान की हत्या, रिश्तेदार ने घर में घुसकर रेत दिया गला; 8 घंटे में पकड़ा गया आरोपी

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button