Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साईं जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक तालाब में घूमने गईं पांच महिलाओं की डूबने से मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाली महिलाएं आपस में पड़ोसी और रिश्तेदार थीं, जो दशहरा की छुट्टियों का आनंद लेने गई थीं. मृतक महिलाओं की पहचान 50 साल की गायत्री, उनकी बेटी अश्विनी और उनकी तीन पड़ोसिनों पुष्पा, हसीना और महीन के रूप में की गई है.
ये दर्दनाक हादसा श्री सत्य साईं जिले के पेनुकोंडा मंडल में हुई. पांचों मृतक महिलाएं मंडल के दुर्गापेट इलाके की रहने वाली थीं. जानकारी के अनुसार, पांचों महिलाएं पेनुकोंडा के पास बने गोल्लापल्ली तालाब में घूमने गईं थीं, लेकिन अचानक गहरे पानी में समा गईं. उनकी डूबने की खबर मिलते ही इलाके में कोहराम मच गया. इनमें से गायत्री की बेटी अश्विनी का हाल ही विवाह हुआ था.
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई
अश्विनी अपने पति के साथ मुंबई में रहती थीं. अश्विनी दशहरा की छुट्टियां मनाने मायके आई थी और परिवार व पड़ोसियो के साथ गोल्लापल्ली तालाब सैर करने गई थी. पुलिस के अनुसार, महिलाओं का ये ग्रुप गोल्लापल्ली तालाब घूमने गया था. घूमते-घूमते अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरीं. इसके बाद चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आसपास के लोग और स्थानीय मछुआरे तुरंत दौड़े.
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने संवेदना प्रकट की
हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पांचों महिलाओं का शव मछुआरों के द्वारा ही निकाला गया. इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई. पुलस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे को लेकर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की. वहीं, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने जिला कलेक्टर को इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें: कमरे में मिली थी बिना कपड़ों की सड़ी-गली लाश, 6 महीने बाद खुला टेक्नीशियन पूजा की मौत का राज

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More