गुजरात में 5-किलो सोना लूटने वाले गैंग का सदस्य गिरफ्तार: 6 साल से फरार था निखिल मेहरा, आयकर अधिकारी बन की थी वारदात - Agra News

Published on 12 सित॰ 2026

अहमदाबाद में वर्ष 2021 में 5 किलो सोना डकैती की वारदात में वांछित छह साल से फरार आरोपी निखिल मेहरा को यूपी एसटीएफ और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी सिकंदरा क्षेत्र स्थित रामरघु आनंदा सोसाइटी, वाईपुर में अपने दोस्त के य

.

एसटीएफ इंस्पेक्टर हुकुम सिंह ने बताया कि गुजरात पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी की लोकेशन आगरा है।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ उत्तर प्रदेश से सहयोग मांगा था। गुजरात पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

सूचना के आधार पर एसटीएफ और गुजरात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे रामरघु आनंदा सोसाइटी, वाईपुर, सिकंदरा से गिरफ्तार कर लिया।

सट्टे में 15 लाख रुपए हारा, बना लुटेरा पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तमनगर, दिल्ली का रहने वाला है। लॉकडाउन से पहले वह आईपीएल का सट्टा खेलता था। सट्टे में करीब 15 लाख रुपए हार गया था, जिसके बाद उसके ऊपर कर्ज हो गया। कर्ज के चलते उसे अपना मकान भी गिरवी रखना पड़ा।

इसके बाद वह आगरा में अपने दोस्त योगेश, निवासी फतेहपुर सीकरी के पास आकर रहने लगा। यहीं उसकी मुलाकात फतेहपुर सीकरी, आगरा के पुष्कर चौधरी और बाबू सिंह तोमर से हुई।

इन लोगों ने उसकी पहचान सुंदर जाट निवासी सहारा, मलपुरा आगरा, बिहारी उर्फ सतीश उर्फ कटुआ निवासी कान्धीपुरा, थाना इरादतनगर; चंद्रभान उर्फ फौजी निवासी गाना, थाना मगोर्रा, मथुरा; मुनेन्द्र सिंह उर्फ मोहित सिकरवार निवासी जोरापुरा, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश; रविंद्र सिंह उर्फ बैंगन निवासी बड़पुरा, थाना मनसुखपुरा, आगरा सहित अन्य साथियों से कराई।

आधार कार्ड पर कार किराए पर ली, नंबर प्लेट बदली पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इन लोगों ने वर्ष 2021 के फरवरी महीने में अहमदाबाद, गुजरात में सोना लूटने की योजना बनाई थी। वारदात से पहले रेकी करने के लिए अपने आधार कार्ड पर एक कार किराए पर ली गई। कार की नंबर प्लेट बदलकर उस पर नीली बत्ती लगा दी गई। इसके बाद आरोपियों ने रेकी के आधार पर फर्जी आयकर विभाग के आईडी कार्ड बनवाए।

आयकर अधिकारी बनकर बस रुकवाई पुलिस के अनुसार, रेकी के दौरान पता चला कि भावला और बगोदरा के बीच थाना क्षेत्र बगोदरा, अहमदाबाद में एक बस से सोना लेकर दो व्यक्ति यात्रा कर रहे हैं। आरोपियों के दो साथी पहले से ही बस में सवार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए बस रुकवाई। बस में सवार पार्सल और दोनों यात्रियों को सोने समेत नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उन्हें सड़क से दूर सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए गए।

आरोपियों ने जिस वाहन को मौके पर छोड़ा था, उसे वहीं छोड़ दिया और चंद्रभान उर्फ फौजी की गाड़ी से सोना लेकर फरार हो गए।

ट्रांजिट रिमांड के लिए गुजरात ले जाएगी पुलिस गिरफ्तार आरोपी को थाना सिकंदरा आगरा में दाखिल किया गया। इसके बाद चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। ट्रांजिट रिमांड के लिए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। प्रेस नोट के अनुसार, मामले में गुजरात पुलिस द्वारा अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।