पंजाबी गायक हरभजन शेरा के लापता होने और कथित तौर पर बंधक बनाए जाने के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। मामले की सुनवाई आज हाई कोर्ट में होगी। इससे पहले अदालत ने संबंधित थाना प्रभारी (SHO) को आदेश दिया था कि गायक को बुधवार
.
कोर्ट ने यह आदेश हरभजन शेरा की दूसरी पत्नी हमीर कौर की ओर से दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण (हैबियस कॉर्पस) याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि हरभजन शेरा को उनकी पहली पत्नी और रिश्तेदारों ने कथित तौर पर अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा हुआ है।

दूसरी पत्नी का आरोप- परिवार ने शेरा को कैद कर रखा
पेशे से शिक्षिका हमीर कौर ने हाई कोर्ट में दायर याचिका में आरोप लगाया है कि उनके पति हरभजन शेरा को परिवार से संपर्क नहीं करने दिया जा रहा है। हरभजन शेरा को न तो घर लौटने दिया जा रहा है और न ही किसी से मिलने की अनुमति दी जा रही है। हमीर कौर ने अदालत से मांग की है कि हरभजन शेरा को सकुशल बरामद कर कोर्ट में पेश किया जाए और यदि उन्हें गैरकानूनी तरीके से हिरासत में रखा गया है तो तुरंत रिहा किया जाए।
मई 2024 में हुई थी दूसरी शादी
याचिका में हमीर कौर ने बताया कि उनकी शादी हरभजन शेरा के साथ मई 2024 में हुई थी। उस समय शेरा पहले से शादीशुदा थे और पहली पत्नी से उनके दो बच्चे हैं। हमीर कौर के अनुसार, शादी से पहले हरभजन शेरा ने उन्हें आश्वासन दिया था कि पहली पत्नी के साथ उनके सभी विवाद सुलझ चुके हैं। इसके बाद दोनों मोहाली में साथ रहने लगे।
हमीर कौर के मुताबिक, 5 जुलाई को हरभजन शेरा मोहाली स्थित घर से कैब में बैठकर निकले थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी तलाश और अपने स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद भी जब शेरा का सुराग नहीं मिला तो हमीर कौर ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की।

हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया
मामले की पिछली सुनवाई के दौरान पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए थे। साथ ही संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी (SHO) को आदेश दिया गया था कि वे हरभजन शेरा को बुधवार को अदालत में पेश करें।
अदालत ने स्पष्ट किया कि गायक की व्यक्तिगत पेशी और उनका पक्ष सुनने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। अब सभी की नजर बुधवार की सुनवाई पर है, जहां हरभजन शेरा के सामने आने के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।