Pralhad Joshi Net worth: 5 करोड़ के घर... शेयरों में तगड़ा निवेश, जानें नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की नेटवर्थ

Published on 26 जुल॰ 2026

नीट पेपर लीक (Neet Paper Leak) और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद से  इस्तीफा (Dharmendra Pradhan Resigns) दिया, जिसके बाद देश के नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi New Education Minister) बनाए गए हैं. कर्नाटक में 27 नवंबर 1962 को जन्मे प्रल्हाद जोशी ने 2004 में धारवाड़ निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करके लोकसभा में एंट्री ली थी और सब से लगातार जीतते आ रहे हैं.

प्रह्लाद जोशी की संपत्ति की बात करें, तो उनके नाम पर 5 करोड़ के आलीशान घर के अलावा तगड़ा इन्वेस्टमेंट है, जिसका खुलासा उन्होंने 2024 के लोकसभा इलेक्शन के दौरान चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में किया था.

21 करोड़ की संपत्ति, कर्ज इतना
2024 के चुनावी हलफनामे को देखें तो देश के नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अपनी और परिवार की कुल नेटवर्थ 21.09 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई थी. इसमें उन्होंने 8.97 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की थी, जिसमें प्रह्लाद जोशी के पास 2.72 करोड़ रुपये की, पत्नी ज्योति जोशी के पास 5.93 करोड़ रुपये की, जबकि बेटी आनन्या वी जोशी के पास 32 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति बताई गई थी. 

सम्बंधित ख़बरें

इनमें कैश, बैंक डिपॉजिट, एफडी, म्यूचुअल फंड, शेयरों में निवेश, बीमा पॉलिसियां, PPF, Gold-Silver ज्वेलरी समेत अन्य शामिल हैं. करोड़ों की संपत्ति की जानकारी देने के साथ ही उनके ऊपर 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारियां भी हैं. 

शेयर-MF में करोड़ों निवेश, बैंक में इतना
चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे पर नजर डालें, तो 2024 लोकसभा इलेक्शन के समय प्रह्लाद जोशी और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 92 लाख रुपये से ज्यादा जमा था. इसके अलावा दोनों ने ही शेयर, म्यूचुअल फंड में करीब 1.62 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया था. उनके पोर्टफोलियो में Inno Nu Chem Pvt Ltd, Miraculam Motors Private Limited, Able Design Eng. Service Pvt ltd के शेयर थे. इसके अलावा उन्होंने SBI Mutual Fund, SBI Blue Chip Fund, Midcap Fund में भी लाखों रुपये का निवेश किया है. 

इसके अलावा उनके पीपीएफ खाते (PPF Account)में 10 लाख रुपये थे, जबकि 21 लाख रुपये की एलआईसी पॉलिसी (LIC Policy) भी उनके पास थी. इसके अलावा गोल्ड-सिल्वर ज्वेलरी को देखें, तो प्रह्लाद जोशी के पास हलफनामे के मुताबिक, 180 ग्राम सोना की चेन-रिंग, 5 किलोग्राम चांदी बताई गई थी, जबकि पत्नी के पास 500 ग्राम सोने के आभूषण और 2 किलोग्राम चांदी की जानकारी दी गई थी. बेटी के पास भी 250 ग्राम सोने की ज्वेलरी मौजूद थी. खास बात ये है कि करोड़ों की दौलत होने के बाद भी उनके या उनकी पत्नी के नाम पर कोई कार या अन्य वाहन दर्ज नहीं है. 

करोड़ों के घर और जमीन के मालिक
Pralhad Joshi Networth में उनकी अचल संपत्ति पर नजर डालें, तो उनकी परिवार समेत अचल संपत्तियों की वैल्यू करीब 12 करोड़ रुपये से ज्यादा है. इनमें हुबली और बेंगलुरु में आलीशान घर, धारवाड़ में कृषि भूमि और कर्नाटक में गैर-कृषि भूमि शामिल हैं. 

चुनावी हलफनामे पर नजर डालें, तो प्रह्लाद जोशी की पत्नी के नाम पर धारवाड़ में 86.39 लाख रुपये से ज्यादा की एग्रीकल्चर लैंड दर्ज है. इसके अलावा Pralhad Joshi के नाम पर हुबली के केशवपुर और बेंगलुरु में 5.25 करोड़ रुपये से ज्यादा वैल्यू की नॉन-एग्रीकल्चर लैंड दर्ज है. अगर घरों की बात करें, तो पत्नी के नाम पर एक भी घर नहीं है, लेकिन प्रह्लाद जोशी के पास मयूरी एस्टेट हुबली और बेंगलुरु के मल्लेश्वरम में घर-अपार्टमेंट है, जिनकी कुल कीमत 5.99 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी. 

---- समाप्त ----