54 रन पर ढेर... करियर में सिर्फ एक मैच खेलने वाले गेंदबाज ने बांग्लादेश को उखाड़ फेंका, अकेले झटके 8 विकेट

Published on 8 अग॰ 2026

54 रन पर ढेर... करियर में सिर्फ एक मैच खेलने वाले गेंदबाज ने बांग्लादेश को उखाड़ फेंका, अकेले झटके 8 विकेट

कौन हैं 22 साल के कैम्पबेल थॉम्पसन? (फोटो- GETTY)

Bangladesh vs Cricket Australia XI: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट सीरीज की शुरुआत से ठीक पहले डार्विन से काफी निराश हार का सामना करना पड़ा है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI के खिलाफ खेले गए तीन दिवसीय वॉर्म अप मैच में बांग्लादेश को पारी और 38 रनों से एकतरफा और शर्मनाक हार मिली. इस मुकाबले की दूसरी पारी में बांग्लादेश की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम सिर्फ 54 रनों पर ऑलआउट हो गई.

पहली पारी से ही पिछड़ गया बांग्लादेश

मुकाबले की पहली पारी में बांग्लादेश ने मेहदी हसन मिराज के नाबाद शतकीय पारी के दम पर 263 रन बनाए थे. इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI की टीम ने तेग वायली की 130 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी की बदौलत पहली पारी में 355 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया और बांग्लादेश पर 92 रनों की बढ़त बना ली. लेकिन 92 रनों से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में उतरी बांग्लादेशी टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और देखते ही देखते मुकाबला खत्म हो गया.

दूसरी पारी में 54 रन पर सरेंडर

दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन को छोड़कर बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका. एक के बाद एक लगातार गिरते विकटों के कारण पूरी टीम 54 रनों पर ढेर हो गई और मैच पारी के अंतर से गंवा दिया. बांग्लादेश की पारी को सिलटाने के लिए ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 22 ओवर ही फेंकने पड़े, जिसकी सबसे बड़ी वजह 22 साल के कैम्पबेल थॉम्पसन रहे, जिन्होंने बांग्लादेश की बल्लेबाजी को उखाड़ फेंका.

कौन हैं 22 साल के कैम्पबेल थॉम्पसन?

बांग्लादेश को घुटनों पर लाने वाले नायक रहे 22 साल के युवा तेज गेंदबाज कैम्पबेल थॉम्पसन, जो साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. इस बाएं हाथ के मीडियम-फास्ट गेंदबाज ने दूसरी पारी में अकेले 8 विकेट चटकाकर बांग्लादेशी बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी. उन्होंने 11 ओवर में सिर्फ 25 रन देते हुए ये कारनामा किया. पहली पारी में भी वो एक सफलता हासिल करने में कामयाब रहे थे. 18 जनवरी 2004 को जन्मे थॉम्पसन के पास फर्स्ट क्लास क्रिकेट का लगभग शून्य अनुभव है. उन्होंने 10 फरवरी 2026 को वनडे कप में न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ अपना लिस्ट-ए डेब्यू किया था. इसके बाद 16 फरवरी 2026 को शेफील्ड शील्ड में क्वींसलैंड के खिलाफ उन्होंने अपना पहला और इकलौता मैच खेला था. इसके बावजूद वो बांग्लादेश की टीम पर अकेले भारी पड़े.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button