दरभंगा- सदर अस्पताल गंगवाड़ा में 6 नई मेडिकल सर्विसेज शुरू: सिजेरियन डिलीवरी के साथ सामान्य सर्जरी की सुविधा; 14 डॉक्टर, 12-12 ANM-GNM की रहेगी तैनाती - Darbhanga News

Published on 29 सित॰ 2026

दरभंगा के गंगवाड़ा सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अस्पताल में संस्थागत प्रसव, सिजेरियन प्रसव, शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग, दंत चिकित्सा एवं सामान्य सर्जरी सेवाओं का शुभारंभ किया।

.

इस मौके पर डीएम कौशल कुमार ने कहा कि सदर अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक इलाज की सुविधा मिल सकेगी। विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं के संचालन से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी और गंभीर अथवा आवश्यक उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी।

जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए अस्पताल के पदाधिकारी और डॉक्टर।

जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए अस्पताल के पदाधिकारी और डॉक्टर।

डीएम ने उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों और चिकित्सकों को शुरू की गई सभी सेवाओं का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श, जांच और उपचार उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल परिसर की स्वच्छता और मरीजों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

सिजेरियन प्रसव की सुविधा शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को लाभ

अस्पताल में संस्थागत और सिजेरियन प्रसव सेवा शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। वहीं शिशु चिकित्सा सेवा से नवजात और बच्चों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। हड्डी रोग, दंत चिकित्सा और सामान्य सर्जरी की सेवाएं शुरू होने से इनसे संबंधित मरीजों को अस्पताल में ही उपचार मिल सकेगा।

डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों का उद्देश्य मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

वृक्षारोपण करते जिलाधिकारी कौशल कुमार।

वृक्षारोपण करते जिलाधिकारी कौशल कुमार।

जिलाधिकारी बोले- बिल्डिंग के खाली हिस्से को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यूज किया

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि गंगवाड़ा में सदर अस्पताल की बिल्डिंग कुछ वर्ष पहले बनकर तैयार हो गई थी। उस समय इसे कैंसर अस्पताल को सपोर्ट करने के लिए उपयोग में लिया गया था।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कैंसर अस्पताल द्वारा बिल्डिंग के बहुत कम हिस्से का उपयोग किया जा रहा है, जबकि काफी स्पेस खाली और अनुपयोगी पड़ा है।इसके बाद सिविल सर्जन के साथ बैठक कर खाली स्थान का उपयोग सदर अस्पताल के रूप में करने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग से पत्राचार किया गया और पीएचसी-सीएचसी से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई। डीएम ने बताया कि फिलहाल ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई है। कैंसर अस्पताल के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद सदर अस्पताल को और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद पटना से भी अतिरिक्त चिकित्सकों की पदस्थापना यहां की जाएगी।

अगले सप्ताह ऑपरेशन व आईपीडी शुरू करने की तैयारी

डीएम ने बताया कि अगले सप्ताह कुछ ऑपरेशन और आईपीडी सेवा भी शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अस्पताल में अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उनका लक्ष्य है कि एक से डेढ़ महीने के भीतर सदर अस्पताल को पूरी तरह फंक्शनल कर दिया जाए।

उन्होंने कहा कि दरभंगा में पहले से सदर अस्पताल नहीं होने के कारण डीएमसीएच पर मरीजों का काफी दबाव था। खासकर प्रसव एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े मरीज, सड़क दुर्घटना में घायल लोग और सर्जरी से संबंधित मरीजों को अक्सर डीएमसीएच रेफर किया जाता था। अब सदर अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल सर्जरी समेत अन्य सेवाएं शुरू होने के बाद ऐसे मरीजों का स्थानीय स्तर पर उपचार किया जा सकेगा।

डीएम ने कहा कि सदर अस्पताल में सुविधाएं बढ़ने से डीएमसीएच पर मरीजों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। गंभीर मरीजों को आवश्यकता के अनुसार डीएमसीएच भेजा जाएगा, जबकि अन्य मरीजों का इलाज सदर अस्पताल में ही करने का प्रयास होगा।

14 डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति, 12-12 एएनएम-जीएनएम तैनात

सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के प्रयास से गंगवाड़ा सदर अस्पताल को शुरू किया जा सका है। काफी समय से प्रयास किया जा रहा था कि दरभंगा में सदर अस्पताल की सुविधा शुरू हो। मंगलवार को अस्पताल के उद्घाटन के साथ ओपीडी सेवाएं शुरू होने से जिले के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स समेत प्रमुख विभागों की ओपीडी शुरू की गई है। अस्पताल के संचालन के लिए उपाधीक्षक के रूप में डॉ. सुप्रिया रंजन को जिम्मेदारी दी गई है। ओपीडी संचालन के लिए 14 डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा 12-12 एएनएम और जीएनएम की भी तैनाती की गई है।

सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल में एक्स-रे और ईसीजी की सुविधा भी उपलब्ध है। पैथोलॉजी और अन्य जांच सुविधाओं को और व्यवस्थित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब एक से दो सप्ताह के भीतर इमरजेंसी सेवा भी शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद आईपीडी और अन्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।

सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पताल को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है, ताकि मरीजों को इलाज, जांच और आपातकालीन चिकित्सा की सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकें। कार्यक्रम के बाद डीएम ने अस्पताल परिसर में आम का पौधा भी लगाया। मौके पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, प्रभारी उपाधीक्षक सह स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।