
बेंगलुरु पूजा दत्ता मौत मामला
Bengaluru Pooja Dutta Death Case: कर्नाटक के बेंगलुरु में झारखंड की 34 वर्षीय टेक्नीशियन पूजा दत्ता की मौत का मामला आखिरकार सुलझ गया है. पूजा का शव 27 अप्रैल, 2026 बेंगलुरु के अडुगोडी थाना इलाके के एक किराए के मकान में मिला था. मामले की जांच कर रही अडुगोडी पुलिस ने एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर अंतिम जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कोर्ट में पेश कर दी है. रिपोर्ट के अनुसार, पूजा दत्ता की मौत फेफड़ों के फेल होने से हुई थी.
इस साल 27 अप्रैल को आस-पड़ोस के लोगों ने पूजा दत्ता के घर से आ रही दुर्गंध के बारे में पुलिस को सूचना दी थी. जब पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर की तलाशी ली, तो उन्हें शव सड़ी-गली और नग्न अवस्था में मिला. शव की हालत और घर के अंदर के हालात ने उस समय कई संदेह पैदा कर दिए थे. घर की दीवारों और आसपास के इलाकों में कागजों पर लिखे हुए लेख चिपके हुए थे.
पूजा दत्ता मानसिक अवसाद में थीं
यह भी जानकारी मिली थी कि एक युवक घर आता-जाता रहता था. पुलिस ने इसी आधार पर मामले की जांच शुरू की थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एफएसएल रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फेफड़ों का फेल होना बताया गया है. रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि शरीर की नसों में रक्त का थक्का जम गया था. यह भी बताया गया है कि पूजा दत्ता मानसिक अवसाद में थीं.
पूजा की मौत के बाद हत्या के आरोप भी लगे थे
अंततः, पुलिस ने अदालत में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया है कि पूजा की मृत्यु बीमारी के कारण हुई. यह वास्तव में एक दुखद घटना है कि अपने परिवार से दूर रहने वाली एक टेक्नीशियन का जीवन इस तरह समाप्त हो गया. बता दें कि पूजा दत्ता की मौत के बाद हत्या के भी आरोप लगे थे, लेकिन अब पुलिस जांच के बाद पूजा की मौत की सच्चाई सबके सामने आ गई है.
ये भी पढ़ें: TV9 फेस्टिवल ऑफ इंडिया-2026 के दूसरे दिन भक्ति और बीट्स का धमाकेदार संगम, रफ्तार का होगा हाई-एनर्जी शो; पूरा शेड्यूल

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More