कनाडा निवासी महिला ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप: लुधियाना में पति-सास-सुसर पर केस, बोली- शादी में 60 लाख खर्च, फि्र भी लग्जरी कार और रुपए की मांग - Jagraon News

Published on 25 जुल॰ 2026

कनाडा की स्थायी निवासी (NRI) महिला की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जगराओं पुलिस ने उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी देने और स्त्रीधन हड़पने के गंभीर आरोपों के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है।

.

पीड़िता समनप्रीत कौर (मूल निवासी नत्थोवाल, हाल निवासी कनाडा) द्वारा एडीजीपी एनआरआई (ADGP NRI), पंजाब को दी गई शिकायत की गहन जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति संदीप सिंह, ससुर प्रीतम सिंह और सास नरिंदर कौर (सभी निवासी रायकोट) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।

शादी में खर्च हुए 60 लाख, फिर भी मांगते रहे लग्जरी कार और नकदी

शिकायत के अनुसार, समनप्रीत कौर की शादी 9 नवंबर 2024 को रायकोट निवासी संदीप सिंह के साथ लुधियाना के एक रिजॉर्ट में सिख रीति-रिवाजों से हुई थी। यह 'लव-कम-अरेंज' मैरिज थी। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष की मांग पर सगाई और शादी का भव्य आयोजन किया गया, जिस पर उसके परिवार ने करीब 60 लाख रुपये खर्च किए और सोने के गहने, नकदी व घरेलू सामान स्त्रीधन के रूप में दिए।

आरोप है कि शादी के पहले ही दिन से पति और सास-ससुर कम दहेज का ताना देकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोपियों द्वारा लग्जरी कार, अधिक सोने के गहने और अतिरिक्त नकदी की मांग की जाने लगी। पीडि़ता समनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि पति ने दबाव बनाकर अपने परिचितों के खातों में 2500 कैनेडियन डॉलर ट्रांसफर करवाए। विरोध करने पर मारपीट की गई और मायके वालों से बातचीत पर भी पाबंदी लगा दी गई।"

आत्महत्या की धमकी और स्त्रीधन हड़पने का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 31 दिसंबर 2024 को उसके पति ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या करने और पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद 19 जनवरी 2025 को जब महिला वापस कनाडा लौट रही थी, तो उसने अपना स्त्रीधन और गहने वापस मांगे, लेकिन ससुराल वालों ने साफ इनकार कर दिया।

कनाडा पहुंचने के बाद भी आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया और फोन के जरिए उसे व उसके परिवार को बदनाम करने, प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकियां दी जाती रहीं।

पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की

एडीजीपी एनआरआई सेल द्वारा कराई गई विस्तृत जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और आरोपी पक्ष का बयान सामने आने पर उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा।